मुंगराबादशाहपुर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि राफेल पर सवाल खड़ाकर देश की सुरक्षा के साथ राहुल गांधी खिलवाड़ कर रहे हैं। इससे देश की शक्ति पर सवाल खड़े रहे हैं। नगर के सर्किट हाउस में गुरुवार दोपहर पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि राफेल पर सवाल खड़ा करके राहुल गांधी देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं। राफेल सौदा निरस्त होने का मतलब है वायुसेना को कमजोर करना। जिससे सबसे ज्यादा मजा चीन पाकिस्तान और राहुल गांधी को आएगा। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। हमारी सरकार ने बिचौलियों की भूमिका खत्म कर दिया है। सरकार सीधा लाभार्थी को लाभ पहुंचा रही है। वीआईपी कल्चर खत्म करके सभी जिलों में एक समान विद्युत आपूर्ति की जा रही है। पत्रकार वार्ता से पहले उन्होंने सुजानगंज वेलवार, मुंगरा, पवांरा मंडल में पदाधिकारियों के साथ बैठक किया और बूथ को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। पत्रकार वार्ता के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष शिव गोविंद साहू, सतीश दुबे, प्रकाश शुक्ला, अवधेश शुक्ल, ओमप्रकाश बिंद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।