मछलीशहर । जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. राजेन्द्र सिंह के निर्देश पर प्राथमिक विद्यालयों में औचक निरीक्षण शुरू हो गया है । गुरुवार को विकास खण्ड के करौंदी गाँव में स्कूल बंद कर गायब रहे तीन शिक्षकों के विरुद्ध निलम्बन की संस्तुति की गई हैं। खण्ड शिक्षाधिकारी के सख्त रवैये के कारण शिक्षकों में हड़कम्प मच गया है । खण्ड शिक्षा अधिकारी शैल पति यादव प्राथमिक विद्यालयों में पठन पाठन की स्थिति का अवलोकन करने के लिए गुरूवार को प्राथमिक विद्यालय करौंदी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में ताला बंद मिला। छात्र-छात्राएं बाहर खड़े मिले। प्रधानाध्यापक सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता ,सहायक अध्यापक राजेश यादव एवं अखिलेश चंद्र मिश्र अनुपस्थित मिले। खंड शिक्षा अधिकारी को जानकारी मिली कि बिना सूचना के कई दिनों से शिक्षक अनुपस्थित चल रहे है। उक्त तीनों शिक्षकों के विरुद्ध निलम्बन की संस्तुति की गई। खण्ड शिक्षा अधिकारी ने 9.15 बजे विद्यालय का ताला खोलवाकर पठन पाठन शुरू कराया। बीईओ शैलपति यादव ने बताया कि इसके पूर्व भी उक्त विद्यालय के शिक्षकों की शिकायत मिल चुकी थी। एनपीआरसी से जांच कराकर दो बार चेतावनी भी दी जा चुकी है। सुधार न आने पर निलंबन के संस्तुति करते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।