जौनपुर। आयुष्मान भारत योजना रविवार को जिले में शुरू हो गई। इस योजना के तहत जिले के एक लाख 87 हजार गरीब परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। जिले में
इस योजना के संचालन के लिए चार अस्पतालों का चयन किया गया है। बाद में अस्पतालों की संख्या बढ़ाई जाएगी।निजी अस्पतालों को अनुबंधित करने की प्रक्रिया चल रही है। गरीब परिवारों के लोग इन अस्पतालों में 1350 बीमारियों का इलाज करा सकेंगे। इस योजना के तहत पांच लाख की धनराशि इलाज के लिए मुहैया कराई जाएगी।
आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले भर के एक लाख 87 हजार गरीब परिवारों का पंजीकरण किया गया है। चयनित परिवारों को इलाज के लिए पांच लाख रूपये की सहायता इस योजना के तहत दिया जाएगा। इलाज के लिए अभी तक जिले के चार अस्पतालों का चयन किया गया है। चयनित अस्पतालों में जिला चिकित्सालय का पुरुष वार्ड और महिला वार्ड, बदलापुर और केराकत सीएचसी का चयन किया गया है। इन अस्पतालों में उपचार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। धीर-धीरे अस्पतालों की संख्या बढ़ा बढ़ाकर उसमें सुविधाएं उपलबच्ध कराई जाएगी। निजी अस्पतालों को अनुबंधित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सरकारी और निजी अस्पतालों को अनुबंधित किया जा रहा है। लेकिन निजी अस्पताल अनुबंधित कराने में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। जिससे काफी दिक्कत आ रही है। हालांकि कुछ अस्पतालों ने अधिकृत करने के लिए आवेदन किया है। जिन अस्पतालों ने आवेदन किया है उनके मानक की जांच कराई जा रही है। कुछ अस्पतालों की जांच कराई गई है लेकिन वह मानक पर खरे नहीं उतर रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि देश का सबसे गरीब व्यक्ति भी अब बीमार के कारण मरने नहीं पाएगा। सरकार से मिलने वाली पांच लाख की सहायता से बड़ी से बड़ी बीमारी का इलाज करा सकेंगे। इससे पहले गरीबों को बीमारी के इलाज के लिए 25 हजार रु पये मिलते थे। लेकिन आयुष्मान भारत योजना में यह राशि बढ़ाकर पांच लाख कर दी गई है।
इन अस्पतालों में शुरू होगी आयुष्मान योजना
जौनपुर। आयुष्मान योजना को शुरू करने के लिए जिले पहले चरण में चार अस्पतालों में शुरू होगी। अस्पातालों में संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है। अभी तक जिला चिकित्सालय के पुरुष और महिला वार्ड, बदलापुर और केराकत सीएचसी का चयन किया गया है। धीरे-धीरे अस्पतालों की संख्या बढ़ाई जाएगी। योजना से जुडने के लिए जिले के लिए चार अस्पतालों ने आवेदन किया है। इन अस्पतालों में मानक की जांच कराई गई है। जांच में मानक पूरा नहीं मिला। अस्पतालों का मानक पूरा करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
15 लाभार्थियों को मिला आयुष्मान भारत का गोल्डेन कार्ड
जौनपुर। आयुष्मान भारत: प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का शुभारंभ रविवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में राज्यमंत्री नगर विकास गिरीशचन्द्र यादव, सांसद डॉ. केपी. सिंह, रामचरित्र निषाद,. विधायक डा.लीना तिवारी, डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह, जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी ने संयुक्त रूप से किया। इसके उपरांत प्रधानमंत्री के शुभारंभ कार्यक्रम का संजीव प्रसारण दिखाया गया। इस मौके पर 15 लोगों को योजना का गोल्डेन कार्ड दिया गया।
राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत जनपद के लगभग 1. 87 लाख गरीब परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। उनके इलाज पर होने वाले पांच लाख रुपये तक का इलाज किसी भी अस्पताल में मुफ्त किया जाएगा। यह योजना चिकित्सा के क्षेत्र में क्रांतिकारी एवं ऐतिहासिक पहल है। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना की सूची के आधार पर ही इसके लाभार्थियों का चयन किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद के बाहर अन्य प्रदेश यह जनपदों में रह रहे व्यक्तियों को भी सरकारी व सूचीबद्ध प्राइवेट चिकित्सालयों में इलाज की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रामजी पांडेय ने बताया कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब निर्धन एवं असहाय व्यक्तियों के परिवारों की 1350 प्रकार की बीमारियों का इलाज सरकारी अस्पताल व सूचीबद्ध प्राईवेट चिकित्सालयों में हो सकेगा। इस योजना के तहत गंभीर बीमारियों का इलाज भी मुफ्त किया जाएगा। समारोह को सांसद केपी सिंह,रामचरित्र निषाद, विधायक डा. लीना तिवारी, डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह, डा. मनमोहन श्रीवास्तव, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा की जिला उपाध्यक्ष किरन श्रीवास्तव आदि ने भी संबोधित किया। सभा का संचालन नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डा. आरके. सिंह ने किया। इस मौके पर कृष्ण कुमार जायसवाल, मनीष , राजू दादा, पुष्पराज सिंह, रोहित सिंह, नीरज सिंह, श्याम मोहन अग्रवाल, अखिलेश सिंह , राजवीर सिंह, विजय चन्द्र पटेल, डीपीएम सत्यव्रत त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष बाल कल्याण संजय उपाध्याय, प्रमोद कुमार लाल, अजय कुमार सिंह, समाज सेविका डा. विमला सिंह, संजय कुमार यादव, सुधीर अस्थाना आदि मौजूद रहे।