खुटहन। क्षेत्र में लो वोल्टेज एवं अघोषित बिजली कटौती से आक्रोशित कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को ब्लाक अध्यक्ष राकेश मिश्रा के नेतृत्व में विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया। इस दौरान लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती की समस्या को दूर करने और शेड़यूल के मुताबिक बिजली देने की मांग की।
ब्लाक अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को वादे के अनुरूप बिजली उपलब्ध नहीं करा पा रही है। क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से किसानों और व्यापारियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर मनमाना रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिजलीकर्मी बेलगाम हो गए हैं। अनावश्यक रूप से बार-बार शटडाउन लेकर बिजली काटी जाती है। इससे मात्र आठ घंटे ही बिजली मिल पा रही है। लोग बिजली संबंधित कार्य बाधित होता रहता है। घेराव करने वालों में परवेज अहमद, डा. रमेशचंद्र विंद, विजय उपाध्याय, भारत लाल यादव, दया शंकर मिश्र, देवेश उपाध्याय, विनय मिश्रा, विवेक त्रिपाठी, पवन मिश्रा, नीरज मिश्रा, श्याम सुंदर गुप्ता आदि मौजूद रहे।