जौनपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री प्रो. दिनेश शर्मा ने कहा कि सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और नकल विहीन परीक्षा के लिए कटिबद्ध है। प्रदेश में 46 नए राजकीय डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। जिन कालेजों में पढ़ाई नहीं होती उन्हें किसी हाल में सेंटर नहीं बनाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी सचिव स्तर के अधिकारियों को दी गई है। ये बातें पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में आए डिप्टी सीएम ने पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि नकल पर अंकुश लगाने की तैयारी हो गई है। छात्रों को आधार कार्ड से जोड़ दिया गया है। इससे बोर्ड में पंजीकृत छात्रों में कमी आई है। शैक्षिक पंचांग तैयार है। उसी के हिसाब से पढ़ाई, परीक्षा, कापियों का मूल्यांकन और रिजल्ट घोषित किया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न डिग्री कालेजों में मानदेय पर तैनात 904 शिक्षकों को शीघ्र ही नियुक्ति पत्र जारी कर दिया जाएगा। विश्वविद्यालय के बंटवारे के सवाल पर कहा कि कौन कॉलेज किस विश्वविद्यालय से संबद्ध रहेगा, इस पर निर्णय लेना सरकार की जिम्मेदारी है। किसी भी विश्वविद्यालय का नुकसान नहीं होने पाएगा।