सिकरारा। ब्लॉक के बीईओ राजीव यादव शिक्षक नेताओं के साथ हसनपुर गांव स्थित स्व.गीता प्रजापति के घर पहुंचे। ब्लाक के शिक्षकों तथा शिक्षा मित्रों के सहयोग से एकत्रित किया गया एक लाख सत्तावन हजार पांच सौ रुपये की धनराशि उनके परिजनों को सौप दिया। परिवार को ढांढस बंधाया कि बच्चों की पढाई- लिखाई व अन्य जरूरतों को पूरा किया जाएगा। मृत गीता समहुती प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र पद पर कार्यरत थीं। सर्प दंश से उसकी मौत हो गई थी। बीईओ के साथ प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष द्वय देशबन्धु यादव व राजेन्द्र यादव के साथ हसनपुर गांव पहुंचे। मृतका के घर पर परिजन दशगात्र की कार्रवाई में जुटे थे। गांव के पूर्व प्रधान बाबा यादव व अन्य सम्मानित लोग भी वही मौजूद थे। खण्ड शिक्षा अधिकारी व शिक्षक नेताओं ने परिजनों से बात किया। स्व. गीता के ससुर ओम प्रकाश प्रजापति, पुत्र अजय व अमित को शिक्षकों द्वारा एकत्रित किया गया सहायता राशि उनको सौप दिया गया। ग्राम प्रधान व परिजनों के कहने पर उक्त धनराशि में से 75-75 हजार रुपया दोनो बच्चों के खाते में फिक्स करा दिया जाए। सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के बाद गुलजारगंज स्थित काशी गोमती संयुक्त ग्रामीण बैंक में दोनो बच्चों का खाता लवाकर उनके खातों में क्रमश: 75 - 75 हजार रुपये का एफडीआर करा दिया गया। शेष 7500 रूपये मृतका के स्वसुर को दिया गया। इस मौके पर शैलेष चतुर्वेदी, अनुपम श्रीवास्तव, डा. सन्तोष सिंह, रवि मिश्रा, राजेन्द्र प्रताप, सतीश सिंह, पलकधारी प्रजापति, मयेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।