करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भकुरा गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद सिंह के आवास पर कश्मीर के उड़ी में शहीद राजेश सिंह के शहादत दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं उद्योगपति अशोक सिंह रहे। शहीद राजेश सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की।
मुख्य अतिथि अशोक सिंह ने कहा कि राजेश धरती मां के बेटे थे। मां की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। यह बड़े गर्व की बात है। देश की रक्षा के लिए बेटे ने अपनी जान की कुर्बानी दे दी। शहीद के नाम गेट और मूर्ति स्थापित कराई जाएगी। विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष इंद्रभान सिंह इंदू ने कह कि वीर के नाम से जितना हो सकेगा उतनी मदद की जाएगी। सरकार द्वारा ऐसे वीर शहीद जवान के नाम गेट और मूर्ति लगाने में हीलाहवाली किया जाना अनुचित है। विशिष्ट अतिथि डा. पीसी विश्वकर्मा ने कहा कि राजेश सिंह देश के लिए शहीद होकर भकुरा गांव का नाम रोशन किया है। ऐसे वीर देश की सेवा के लिए होना चाहिए। शहीद राजेश के पिता राजेन्द्र सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा शहीद गेट, मूर्ति स्थापित, अस्पताल मार्ग और माता पिता को 5 लाख रुपये और शहीद की पत्नी के नाम जमीन देने में हीलाहवाली कर रही। मेरे बेटे के नाम मिले कफन के पैसे भी खा चुके लोगों का नाम किसी दिन उजागर करूंगा। इस मौके पर रविंद्र सिंह ज्योति, लाल साहब सिंह, हृदय नरायन सिंह, रतन सिंह, सौरभ सिंह, मुन्ना सिंह, प्रकाश सिंह आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता अभिमन्यु सिंह ने किया।