जौनपुर। युवा भारत की रविवार को मियांपुर स्थित कार्यालय पर बैठक हुई। जिसमें युवाओं को योग के माध्यम से स्वावलंबी बनाने और योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों को लोगों तक पहुंचाकर स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण हेतु घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने की योजना बनाई गई। साथ ही योग को जन जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
पतंजलि योग समिति के प्रांतीय सह प्रभारी अचल हरिमूर्ति ने बताया कि तिलकधारी इंटर कालेज में दो अक्टूबर से लेकर 26 अक्टूबर तक विशेष योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि पचीस दिवसीय इस विशेष योग प्रशिक्षण शिविर में साधकों को योग के क्रियात्मक एवं सैद्धांतिक पक्षों का संपूर्ण प्रशिक्षण देकर हर घर में कम से कम एक योग प्रशिक्षक बनाने की योजना बनाई जा रही है। जिससे प्रत्येक घर को रोगमुक्त बनाया जा सके। योग के क्रियात्मक पक्षों में साधकों को विभिन्न उम्र के साथ रोगानुसार विविध प्रकार के आसन, व्यायाम, ध्यान और प्राणायामों सहित आहार और औषधियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही डायबिटीज , कोलेस्ट्रॉल, गठिया, मोटापा, बीपी, हृदय, अनिद्रा और गैस एसिडिटी जैसी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर भारत स्वाभिमान के प्रभारी शशिभूषण, कृष्ण मुरारी आर्य, विजयदत्त मौर्य, ममता भट्ट, डा. हेमन्त, प्रवीण कुमार सिंह, रविन्द्र यादव, राजकुमार योगी, जगदीश योगी, दीपक योगी, विपिन योगी, संतोष योगी, राहुल योगी, डा ध्रुवराज योगी आदि उपस्थित रहे।