मछलीशहर। जन विकास संस्थान संस्थान मछलीशहर एवं टाटा सामाजिक विज्ञान संस्थान मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में मछलीशहर के रसूलपुर गांव में नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर के मेडिकल आफिसर डा. अमरनाथ यादव ने मुसहर समुदाय के बच्चों एवं महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा दिए। उन्होंने मरीजों को नशे से दूर रहने एवं बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित भी किया ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जन विकास संस्थान के सचिव राजमणि ने संबोधित करते हुए कहा कि मुसहर समुदाय आज भी जागरूकता एवं गरीबी के अभाव मे सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं से वंचित है। टाटा सामाजिक विज्ञान संस्थान के शोधार्थी छात्र नीरज सिंह, रिया सिंह, दानिश एवं ट्रेसी ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान बालगोविंद ने किया। इस मौके पर महाजन अली, मोनिका यादव, रमेश चंद्र, पंकज, इंद्रजीत, राजीव, श्वेता सिह, राधिका, स्टाफ नर्स आशा देवी, फार्मासिस्ट वंशराज यादव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन नीरज सिंह एवं दानिश ने किया। उधर खेतासराय में हबीब हास्पिटल में शनिवार को चिकित्सक डा. एमएस खान की देखरेख में नि:शुल्क न्यूरो रोग परामर्श शिविर का आयोजन हुआ। जिसमें न्यूरो सर्जन डा.शशि प्रताप सिंह ने न्यूरो संबंधित 50 रोगियों का चिकित्सीय परीक्षण किया। आवश्यक जानकारी देने के साथ बचाव के सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक खासतौर पर सुबह में लगातार सिर दर्द और बार बार उल्टियां होने पर डाक्टर से तत्काल संपर्क करना चाहिए। किसी को कमजोरी महसूस होना, कमर, हाथ, पैर, गर्दन में ज्यादा दर्द होना और बार-बार पेशाब के लिए जाना स्पाइन के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे रोगियों का दवा ही पूर्ण इलाज नहीं है। वह सर्जरी से ठीक हो सकता है। न्यूरो संबंधित रोगियों को तेज धूप का बचाव करना चाहिए। और काला चश्मा लगाने के साथ पानी का सेवन अधिक करना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने मिर्गी रोग के और उसके उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी। शिविर में फैज अर्शी चुन्नू, भूपेश सिंह, हफीजुल्ला, निर्मल श्रीवास्तव, हेमंत श्रीवास्तव, संदीप कुमार गुप्ता मौजूद रहे।