जौनपुर। रोडवेज से खटारा बसों की छुट्टी होगी। धीरे-धीरे पुरानी बसों को हटाकर उनकी जगह नई बसें चलवाई जाएंगी। कुंभ मेले के लिए नई बसों की खेप आने लगी है। यह बात परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने रविवार की शाम रोडवेज डिपो के निरीक्षण के दौरान कहा। उन्होंने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक केशरी नंदन चौधरी को अयोध्या के लिए बस सेवा शुरू करने को कहा। रोडवेज भवन, पेट्रोल पंप व वर्कशाप आदि की जांच की। बसों की नियमित धुलाई करने व सफाई का निर्देश दिया।
परिवहन राज्यमंत्री अपराह्न साढ़े तीन बजे रोडवेज डिपो पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन रोडवेज भवन का निरीक्षण किया। भवन के निर्माण में देर के बारे में अधिकारियों से जवाब-तलब किया। एआरएम ने बताया कि नक्शे में आफिस, कैश व डीपीआर के लिए कमरा बनाने का प्राविधान नहीं था। उसे अलग से बनवाया जा रहा है, जिसके चलते देर हुई है। मंत्री ने उन्होंने तेजी से काम पूरा कराकर हैंडओवर करने को कहा। बसों के खड़ा होने के प्लेटफार्म के बारे में पूछा तो बताया गया कि कुल सात प्लेटफार्म बनाए गए हैं। उन्होंने डीजल पंप के कामकाज की जानकारी ली। बताया गया कि एक दिन में 65 बसों में रोजाना चार हजार लीटर डीजल डाला जाता है। राज्यमंत्री ने वाशिंग के जर्जर टीन शेड को बदलने का निर्देश दिया। अपने सामने एक बस को धुलवाकर देखा। साथ ही ठेकेदार को बसों की ठीक से धुलाई करने को कहा। वर्कशाप में खड़ी पुरानी तीन बसों के बारे में पूछा। जिस पर बताया गया कि यह बसें निलाम हो गई हैं। अंत में मंत्री ने आउटसोर्सिंग व संविदा के कर्मियों से बात चीत कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मियों को पहली बार ढाई लाख रुपया दुर्घटना व मानदेय 14 से 15 हजार तक देने की स्वीकृत कर दी गई है। इस अवसर सीनियर फोरमैन अजय कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, केराकत विधायक दिनेश चौधरी आदि उपस्थित रहे।
परिवहन मंत्री का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
जलालपुर। क्षेत्र के ईजरी बाजार के समीप कोड़री फाटक के सामने वाराणसी से जौनपुर जा रहे परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का रविवार को समर्थकों ने स्वागत किया गया। साथ ही जमकर नारे लगाए। व्यापार मण्डल अध्यक्ष पवन गुप्ता ने जनता की समस्याओं को अवगत कराते हुए मंत्री को पत्रक सौंपा। जिसमें वाराणसी से जलालपुर कस्बा होते हुए जौनपुर तक सिटी बस का संचालन करने, यात्रियों के बैठने के लिए प्रतीक्षालय बनवाने, जौनपुर डिपो के पेयजल, साफ- सफाई व सुलभ शौचालय की व्यवस्था कराने की मांग की गई है। इस अवसर हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष अनिल दुबे, अशोक सिंह प्रिन्स सिंह, विनीत मिश्रा, मुन्नू सरोज, डा. हरि प्रकाश सिंह, विनीत मिश्रा, अशोक सिंह, साईं सिंह, अवधेश मौर्य, गणेश ठठेरा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।