जौनपुर। जिले के प्रभारी प्रमुख सचिव दुग्ध विकास सुधीर एम बोबड़े ने रविवार को मुंगराबादशाहपुर के नौवा डाड़ी गांव में चौपाल कर ग्रामीणों से योजनाओं की हकीकत जानी। ग्रामीणों ने योजनाओं में धांधली और गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए। प्रमुख सचिव ने समाज कल्याण अधिकारी को कैंप लगाकर लोगों को पेंशन देने को कहा। उन्होंने कहा कि महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचे। इसका अधिकारियों की जिम्मेदारी है, इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रमुख सचिव ने चौपाल में वृद्धा, विधवा, विकलांग पेंशन के बारे में ग्राम प्रधान से जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं का लाभ पाने से वंचित न रहे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव में कैंप लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाय। जिन पात्र लाभार्थी को अभी तक पेंशन की सुविधा नहीं मिली हैं, उनका फार्म तत्काल ऑनलाइन कराते हुए पेंशन की सुविधा प्रदान कराई जाय। गांव को 2 अक्टूबर 2018 तक ओडीएफ गांव घोषित किया जाना है जिसके लिए सभी घरों में शौचालयों का यथाशीघ्र निर्माण कराए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में उपलब्ध कराए गए आवास के लाभार्थियों से भी उन्होंने पूछताछ की। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण इस योजना का लाभ उठाएं। प्रमुख सचिव ने विद्युत विभाग के एसडीओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन लोगों के यहां अभी कनेक्शन नही दिया गया है तत्काल कनेक्शन दें। उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक को निर्देशित किया कि गांव में कैंप लगाकर ग्रामीणों को बीमा योजना के विषय में जागरूक करते हुए बीमा योजना का लाभ प्रदान कराएं। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रामजी पांडेय से एंटीबायोटिक, एईएस, जेई, चिकन गुनिया की दवाओं की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी जीडी यादव ने ग्रामीणों को कूपोषण से बचाव के उपाय बताए। कहा कि गर्भवती महिलाओं को गर्भधारण के समय से ही उनके खान-पान पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने प्राथमिक व उच्च विद्यालयों में छात्रों के ड्रेस, किताबें, जूता मोजा वितरण का हाल जाना। कृषि विभाग के डिप्टी पीडी आत्मा रमेश चंद्र यादव ने किसानों की आमदनी दुगनी करने वाली कार्यनीति एवं योजनाओं की जानकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारियों ने अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गौरव वर्मा, एसडीएम मछलीशहर जयनरायन सचान, ग्राम प्रधान लल्लूराम, सीवीओ विरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।