खेतासराय। वृहस्पतिवार को नगर में एक परिषदीय विद्यालय परिसर में बन रहे शौचालय को लेकर शिक्षा विभाग और नगर पंचायत में विवाद उत्पन्न हो गया। सुलभ शौचालय नगर पंचायत खेतासराय शाहगंज मार्ग पर स्थित केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में बन रहा है। लबे सड़क सुलभ शौचालय का निर्माण एनपीआरसी की पहल पर रोक दिया गया। मामला बेसिक शिक्षाधिकारी तक पहुंच गया। बाद में खंड शिक्षा अधिकारी और अधिशासी अधिकारी की पहल पर छह सीटर के स्थान पर तीन सीटर शौचालय बनाने की सहमति बन गई। नगर में केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में नगर पंचायत द्वारा छह सीटर सुलभ शौचालय का निर्माण कराया जा रहा था। जानकारी होने पर एनपीआरसी अखिलेश ने विद्यालय की अधिक भूमि शौचालय में चले जाने की बात कहते हुए शौचालय का निर्माण रोकवा दिया। मामले की जानकारी होने पर अधिशासी अधिकारी अमित कुमार ने खंड शिक्षा अधिकारी शाहगंज से वार्ता की और निर्माण में सहयोग मांगा। उसके बाद दोनों अधिकारियों के बीच छह सीटर के स्थान पर तीन सीटर वाले शौचालय बनाने पर सहमति बन गई।