थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी बाजार और ग्राम पंचायत बेहड़ा स्थिति यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं का बिजली विभाग ने बिल बकाया का आरोप लगाते हुए बगैर सूचना के कनेक्शन विच्छेद कर दिया। बिजली कनेक्शन कटने से बैंक का कामकाज पूरे दिन ठप हो गया। बैंक उपभोक्ता बिजली न होने की बात सुनकर वापस चले गए तो कुछ जरूरतमंदों ने बैंक सेवा नहीं देने से हंगामा मचाया। लेनदेन नहीं होने से लाखों का कार्य प्रभावित हुआ। गुरुवार की सुबह बिजली विभाग ने बैंकों पर बिल का बकाया होने का हवाला देते हुए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा बेहड़ा और थानागद्दी का बिजली कनेक्शन विच्छेद कर दिया गया। जब बैंक उपभोक्ता लेनदेन किसान क्रेडिट कार्ड और लोन आदि के लिए बैंक पहुंचे तो बैंककर्मियों ने बिजली के अभाव में बैंक संबंधी कार्य नहीं कर पाने की असमर्थता जताई। निराश उपभोक्ताओं को वापस लौटना पड़ा। ग्राहक सेवा नहीं होने से कुछ जरूरतमंद उपभोक्ता बैंक कर्मचारियों से उलझ गए। कुछ समय के लिए दोनों बैंकों में अफरातफरी का माहौल रहा। शाखा प्रबंधकों ने सहकर्मियों के सहयोग से उपभक्ताओं को कठिनाई से अवगत कराकर समस्या का निदान किया और ग्राहकों को समझा बुझाकर घर वापस भेजा। यूबीआई थानागद्दी के शाखा प्रबंधक नवीन कुमार ने कहा कि मैंने बिजली विभाग कर्मियों से अपील की कि कनेक्शन विच्छेद से पूर्व वे इसके लिए बैंक के उच्चाधिकारियों से मिले। बिजली विभाग ने मेरी एक बात नहीं सुनी। हमें कभी न तो बिल दिया और न ही कोई नोटिस मिला। बेहड़ा बैंक शाखा के प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि बिजली विभाग बगैर सूचना दिए कनेक्शन नहीं काट सकता है। बिजली विभाग के एसडीओ राजकुमार कुमार पटेल का कहना कि उच्चाधिकारियों के आदेश के अनुपालन में हमने बिजली का कनेक्शन काटा है। विभागीय अभिलेखों के मुताबिक, दोनों बैंकों पर विद्युत विभाग का लाखों बकाया है। बैंक अपनी जिम्मेदारी से पीछे न हटे क्योंकि बैंक ग्राहकों की समस्या हमारी जिम्मेदारी नहीं है।