जौनपुर। एससी/एसटी एक्ट के विरोध में गुरुवार को लोग सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने जगह-जगह हाईवे जाम कर दिया और सिंगरामऊ में हरपालगंज रेलवे स्टेशन पर फरक्का एक्सप्रेस को रोककर प्रदर्शन किया। सुइथाकला में गुड़बड़ी चौराहे के पास लखनऊ बलिया मार्ग पर टायर जलाकर जाम कर दिया। मछलीशहर में जबरन दूकानें बंद कराने को लेकर बवाल हुआ। दूकानदारों और प्रदर्शनकारियों में मारपीट हुई। कई दूकानों में तोड़फोड़ की गई। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा को चेतावनी दी कि अगर एससी/एसटी कानून में संशोधन को वापस नहीं लिया गया तो पार्टी को आगामी 2019 के लोकसभा चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना होगा। वैसे भारत बंद का जिले में मिलाजुला असर रहा। ग्रामीण इलाकों में कई बाजारों में दूकानें पूरे दिन बंद रही तो शहर में बंदी का मिलाजुला असर दिखा। कलेक्ट्रेट में अधिवक्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
मछलीशहर में जबरन दूकानें बंद कराने के दौरान प्रदर्शनकारी और दूकानदारों में मारपीट हो गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दूकानों में तोड़फोड़ की। मछलीशहर नगर के रोडवेज, चुंगी चौराहे, बरईपार चौराहा समेत कई स्थानों पर दुकान बंद कराने के दौरान झड़प हुई दूकानदारों से झड़प हुई। बंद समर्थक दो बाइक छोड़कर फरार हो गए। कस्बे में चप्पे चप्पे पर फोर्स तैनात कर दी गई है। गुरुवार को दोपहर बाद लगभग दो बजे भारत बंद के समर्थकों ने बाइक जुलूस निकाला। चुंगी चौराहे पर सुरेश जायसवाल की किराना की दुकान बंद करवाने के दौरान विवाद हो गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर आ गई। बाइक को कब्जे में लिया है। इससे पहले रोडवेज के शंभूनाथ भोज्यवाल के दुकान का युवकों ने काउंटर तोड़ दिया।
कलेक्ट्रेट और दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। कलेक्ट्रेट में अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के सुभाष शुक्ला की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर एससी/एसटी कानून का प्रतीक पुतला दहन किया। सिंगरामऊ प्रतिनिधि के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने हरपालगंज रेलवे स्टेशन पर फरक्का एक्सप्रेस को रोक दिया। ट्रेन रोकने के बाद प्रदर्शनकारी वाराणसी सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए और सिंगरामऊ बाजार में जामकर दिया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित पत्रक एसडीएम बदलापुर को सौंपा।
मुंगराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार आंदोलनकारियों ने पंवारा बाजार में जौनपुर रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने घंटे भर बाद जाम समाप्त करवाया। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर आवागमन को बाधित कर रहे 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
सुइथाकला प्रतिनिधि के अनुसार, रामनगर (अरसियां मोड़) बाजार में लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर जाम कर दिया। यहां मनीष सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में युवक जुलूस के साथ पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठ गए। अरसिया ,पट्टीनरेन्र्दपुर ,भगासा, गुडबडी बाजार बंद रही। पुलिस ने एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
बदलापुर प्रतिनिधि के अनुसार, अखिल भारतीय ब्राम्हण विकास प्रतिष्ठान के आह्वान पर बदलापुर में दुकाने बंद रहीं। प्रदर्शनकारियों ने तहसील के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री के विरोध में नारेबाजी करते हुए सिंगरामऊ, घनश्यामपुर, महराजगंज तथा जौनपुर रोड पर जुलूस निकालने के बाद तहसील के सामने तथा इंदिरा चौक पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों के धरना पर बैठने के कारण नेशनल हाइवे घंटे भर जाम रहा। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। प्रदर्शनकारी सांसद और विधायक को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। एसडीएम रमापतिराम बिंद तथा क्षेत्राधिकारी सौम्या पाण्डेय ने समझा बुझाकर जाम समाप्त करवाया। आंदोलनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। बरईपार प्रतिनिधि के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ ने बरईपार बाजार के अलावा सोनहिता गोनापर आदि बाजारों को बंद करवाया।
जौनपुर। एससी/एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में जगह जगह आंदोलनकारियों ने बाइक जूलूस निकाल कर दूकानों को बंद कराया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बक्शा प्रतिनिधि के अनुसार सुजियामऊ में दूकानें बंद रहीं। जबकि शम्भूगंज वह बक्शा में बंदी का मिलाजुला असर रहा।
सिकरारा प्रतिनिधि के अनुसार, सवर्ण संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बाइक जुलूस निकालकर इलाके में भ्रमण किया और सरकार के खिलाफ नारे लगाए। काला कानून वापस लो, जो हमसे टकरायेगा सत्ता में लौट न पाएगा। जैसे नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने इलाके की कई बाजारंों में भ्रमण किया। खपरहा न्याय पंचायत के विश्वेश्वर नाथ महादेव मंदिर पर सवर्ण संघर्ष मोर्चा के युवाओं ने पहुंचकर केंद्र सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए पूजन किया। मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. डीपी सिंह ने कहा कि उक्त काला कानून के कारण एक वर्ग विशेष के लोग सवर्णों को बिना किसी अपराध के परेशान करने के लिए स्वच्छंद रूप से मनमानी करने को स्वतंत्र हो जाएंगे। बाइक जुलूस मंदिर से चल कर खपरहा बाजार रीठी, भभौरी, शेरवा, सिकरारा, प्रताप गंज, गुलजारगंज, डमरुआ होते हुए गोनापार में समाप्त हुआ। सिकरारा में कुछ दूकानदारों से हल्की झड़प भी हुई। कुछ शरारती तत्वों ने ठेले पर लगाई सब्जी फल की दूकानों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।
मीरगंज प्रतिनिधि के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने बंद के समर्थन में मोटरसाइकल रैली निकाल कर बाजार को बंद कराया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स जुलूस के साथ चल रही थी। विपुल सिंह और हनुमंत पांडेय के नेतृत्व में मोटरसाइकिल रैली जंघई से निकलकर मीरगंज, भटहर गोधना, अगहुआ, बंधवाबाजार, तिलौरा बाजार, जमुहर होते हुऐ मछलीशहर पहुंची।
डोभी प्रतिनिधि के अनुसार, भारत बंद के आह्वान पर खुज्झी बाजार में दूकाने बंद रहीं। भाजपा युवा मोर्चा के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने योगेंद्र सिंह जोगी के नेतृत्व में एससी/एसटी एक्ट में बदलाव को वापस लेने की मांग की। महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार आंदोलनकारियों ने बाजार में प्रदर्शन कर दूकानें बंद कराई।