जौनपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी रविवार को धूमधाम से मनाई गई। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया। देर रात जय कन्हैया लाल के जयकारे से देवालय गूंजते रहे। मंदिर में भजन कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिरों में भव्य झांकी सजाई गई। रात बारह बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होते ही जयकारे से मंदिर परिसर गूंज उठे। महिलाओं ने मंगल गीत गाए। हवन पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। सभी थानों पर जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया।
पुलिस लाइन परिसर में एसपी दिनेश पाल सिंह की अध्यक्षता में जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी सजाई गई। रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देर रात तक भगवार श्रीकृष्ण की झांकी देखने के लिए भक्तों की भीड़ रही। लाइन बाजार थाना परिसर में जन्माष्टमी मनाई गई।
सिकरारा: श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर देवालयों व घरों में मन मोहक झांकियां सजाई गई। पूरे श्रद्धा व उल्लास के साथ कृष्ण भक्तों ने उपवास रखकर जन्म की रोहणी नक्षत्र में जन्मोत्सव मनाया और गुड़ धनियां खीरा तथा अन्य फलों का प्रसाद ग्रहण किया। अजोशी धाम पर प्रधान सेवक पण्डित गोरख नाथ मिश्र की देख रेख में पर्व धूम धाम से मनाया गया। एक दिन पहले से ही 21 कर्मकांडी विद्वानों द्वारा श्रीमद भागवत गीता ग्रन्थ का पाठ हुआ। जिसके समापन पर आयोजित यज्ञ हवन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। धाम को आकर्षक ढंग से बिजली के झालरों से सजाया गया था। इसी तरह मारुत नंदन धाम प्रेम राज पुर, बजरंग बली मंदिर शेरवा, बिसवां के विश्वेश्वर नाथ, चाँदपुर के मैहर माता मंदिर पर भी पारम्परिक ढंग से यह पर्व मनाया गया। बच्चों ने जय कन्हैया लाल की हाथी घोडा पालकी का जय घोष किया तो महिलाओं ने सोहर जैसे मांगलिक गीत गाए।
बरईपार: बाजार में गाजे बाजे के साथ भगवान कृष्ण की झांकी निकाली गई। आगे आगे भगवान श्री कृष्ण की झांकी चल रही थी। पीछे लोग ढोल-नगाड़ों के साथ जयकारा लगाते हुए बढ़ रहे थे। जयकारे से पूरा बाजार भक्तिमय हो गया। श्रीराम सेना के कार्यकर्ताओं ने झांकी की व्यवस्था की। आयोजक भाजपा नेता रत्नेश जायसवाल, राहुल जायसवाल, कांधा जायसवाल, राजेश यादव, प्रदीप यादव, भावेश जायसवाल, रामनारायण जायसवाल, मुकेश जायसवाल ने हिस्सा लिया। मछलीशहर: श्री कृष्ण का जन्मोत्सव क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जगह-जगह कृष्ण के जीवन को प्रदर्शित करती हुई झांकिया सजाई गई। साथ ही भजन कीर्तन का भी आयोजन किया गया है। धमापुर: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व रविवार को क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में आकर्षक झांकियां सजायी गयी। दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कई स्थानों पर कीर्तन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ।