मीरगंज/करंजाकला। मीरगंज थाना क्षेत्र के अदारी गांव के पास शुक्रवार की दोपहर बाइक से गिरकर अधेड़ की मौत हो गई। जबकि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर जमुहाई मार्ग पर सुल्तानपुर गौर मोड़ के पास दो बाइक की सीधी टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीरगंज बाजार निवासी शीतला प्रसाद जायसवाल (56) मीरगंज बाजार में चाइनीज की दुकान चलाते थे। वह शुक्रवार को दोपहर मछलीशहर से दवा लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। वह अदारी बाजार के आगे से नहर के रास्ते से माधोपुर की तरफ जा रहे थे, तभी अनियंत्रित होकर बाइक सहित सड़क किनारे खंदक में गिर गए। जहां उनकी मौत हो गई। घटना के काफी देर बाद उधर से गुजर रहे राहगीरों ने उनकी पहचान कर घरवालों को सूचना दी। परिजनों के अनुसार हादसा कैसे हुआ यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
उधर शुक्रवार को शाम तीन बजे सुल्तानपुर गौर गांव के मोड़ के पास दो बाइक की सीधी टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। लोहता गांव निवासी विशाल (22) पुत्र नन्हकू, कुलदीप (16) पुत्र राजेन्द्र बाजार से घर लौट रहे थे। वे सुल्तानपुर गौर गांव के मोड़ के पास पहुंचे थे, तभी सामने से आ रहे बाइक सवार सुल्तानपुर गौर निवासी शर्फराज अहमद (20) पुत्र सहाबुद्दीन से सीधी टक्कर हो गई। तीनों घायल हो गए। तीनों को एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया। जहां कुलदीप की हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।