बदलापुर/घनश्यामपुर। बदलापुर तहसील मुख्यालय पर सरोखनपुर गांव में रोडवेज बस डिपो के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने मंजूरी दे दी है। विधायक रमेशचंद्र मिश्र के प्रयास से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच करोड़ की स्वीकृत दे दी है। रोडवेड डिपो का निर्माण अविलंब कराने का निर्देश दिया है।
विधायक मिश्र ने बताया है कि जनता की मांग पर प्रदेश सरकार ने यह मंजूरी दी है। रोडवेज बस डिपो का निर्माण होने से क्षेत्रीय लोगों को अब दूरदराज के शहरों में आने जाने के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध होगी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी। कस्बावासियों को जाम के झाम से भी निजात मिलेगी। बदलापुर चौक पर जौनपुर, फैजाबाद, वाराणसी, अकबरपुर, सुल्तानपुर, चारबाग, इलाहाबाद, बादशाहपुर जाने वाली बसें रुकती हैं, जिससे जाम की समस्या खड़ी हो जाती है। डिपो बनने से लोगों के लिए रोजगार का भी सृजन होगा। तहसील क्षेत्र के 406 गांव के लाखों लोगों के लिए यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। बस डिपो की सौगात से तहसील व्यापार मंडल के अध्यक्ष धनंजय सेठ, सुशील निगम, घनश्यामपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष चंचल सिंह, आनंद सेठ, ग्राम प्रधान मीना सेठ, चंदन तिवारी, दिनेश यादव, साहबलाल कन्नौजिया, सुरेश चौहान आदि ने विधायक रमेशचंद्र मिश्र तथा मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।