जौनपुर। आधार कार्ड बनाने औैर आधार में संशोधन के लिए सरकारी बैंक, डाकघर और कलेक्ट्रेट परिसर समेत 20 से अधिक सरकारी दफ्तरों में सेंटर बनाया गया है लेकिन एक, दो को छोड़ किसी भी सेंटर पर आधार कार्ड नहीं बनाया जा रहा है। कहीं तकनीकी खराबी के चलते सेंटर बंद होने का बोर्ड लगा दिया गया तो कहीं स्टाफ की कमी का बहाना बनाया जा रहा है। जिसका नतीजा है कि आधार कार्ड बनवाने के लिए रोज किचकिच हो रही है। शहर में हरलालका रोड पर स्थित सेंट्रल बैंक में आधार बनाने का काम जरूर चल रहा लेकिन यहां प्रतिदिन अधिकतम 15 से 20 आधार कार्ड बनाए जाते हैं। जबकि सुबह बैंक पर 100 से 150 लोगों की भीड़ लगती है।
सबसे अधिक परेशान कक्षा नौ में रजिस्ट्रेशन कराने वाले छात्र हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए आधार अनिवार्य रूप से मांगा जा रहा है जबकि बहुत से छात्र ऐसे हैं जिनके पास अभी तक आधार कार्ड नहीं है। शुरुआती दौर में फ्रेंचाइजी के माध्यम से गांव-गांव में कैंप लगाकर आधार कार्ड बनाया गया था। बावजूद इसके जिले में तमाम लोगों के पास अभी तक आधार कार्ड नहीं है। अब राशन कार्ड से लेकर अन्य योजनाओं में भी आधार कार्ड को अनिवार्य रूप से लिए जाने पर एक बार फिर से इसके लिए लोगों की भीड़ लग रही है। इधर, शासन के निर्देश पर फ्रेंचाइजी के माध्यम से आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया को रोक दिया गया। अब सिर्फ सरकारी दफ्तरों में ही आधार बनने का निर्देश है। जिले में प्रधान डाकघर, यूबीआई, देना बैंक, पीएनबी, सिंडीकेट बैंक, बैंक आफ बड़ौदा की मुख्य शाखा और कलेक्ट्रेट कार्यालय में आधार कार्ड बनाने के लिए सेंटर स्थापित किया गया है।
हालात यह है कि अधिकतर केंद्रों पर आधार बनाया ही नहीं जा रहा। कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित सेंटर पर बोर्ड लगा दिया गया है कि तकनीकी खराबी के चलते सेंटर बंद कर दिया गया है। गुरुवार को सुबह हरलालका रोड पर स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा पर उत्तरपट्टी गांव निवासी अकील रजा ने बताया कि वह प्रधान डाकघर समेत आधार कार्ड बनाने के लिए नामित सात से अधिक बैंकों का चक्कर लगाने के बाद तीसरे दिन यहां पहुंचे हैं। बेटी का आधार बनवाना है। आधार के बिना उसका कक्षा नौ में बोर्ड परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं हो रहा है। जबकि रजिस्ट्रेशन की आखिरी तिथि बीतने वाली है। यहीं पर लाइन में लगे मोहल्ला मीरमस्त निवासी शकील मंसूरी ने बताया कि वह चार दिन से आधार कार्ड बनवाने के लिए लाइन लगाते हैं लेकिन भीड़ के चलते उनका नंबर ही नहीं आ रहा है। शहर के अलफस्टीनगंज मोहल्ला निवसी अवनीश जायसवाल का कहना है कि कलेक्ट्रेट में भी सेंटर स्थापित है लेकिन बंद है। डाकघर में भी आधार कार्ड नहीं बनाया जा रहा है।
आधार कार्ड बनाने के लिए प्रधान डाकघर और कई बैंकों को जिम्मेदारी दी गई है। सभी को नियमित रूप से आधार कार्ड बनाने और उसमें संशोधन आदि की समस्याओं को निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस काम में अगर कोई लापरवाही बरतेगा तो कार्रवाई की जाएगी। - आरपी मिश्र, एडीएम (वित्त एवं राजस्व)