शाहगंज। माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा की बैठक तहसील परिसर में मंगलवार को जिलाध्यक्ष राजेश मिश्र की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मानदेय की मांग को लेकर चार सितम्बर को लखनऊ के इको गार्डेन में होने वाले धरना प्रदर्शन व विधान सभा घेराव कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों के पहुंचने की रणनीति तय की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि माध्यमिक वित्तविहीन प्रधानाचार्य महासभा के प्रांतीय प्रधान महासचिव अखिलेश सिंह ने कहा कि चार सितम्बर को जिले के सभी वित्तविहीन विद्यालय बंद करके सभी शिक्षक लखनऊ पहुंचे। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रदेश अध्यक्ष व शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी व संजय मिश्र द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री व शिक्षामंत्री से वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय के संदर्भ में बात हुई, लेकिन वे हर बार आश्वासन ही मिला। उन्होंने कहा कि पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के दिन जहां शिक्षकों का सम्मान होगा वहीं प्रदेश के वित्तविहीन शिक्षक अपनी मांगों को लेकर विधान सभा के सामने भीख मांगेंगे। जिलाध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार जब सत्ता में आई तो लगा कि वित्तविहीन शिक्षकों के समस्या का समाधान हो जाएगा। लेकिन यह सरकार तो शिक्षकों का मिलने वाला मानदेय भी अकारण काट दिया। अब मानदेय के लिए आर-पार की लड़ाई लड़नी होगी। संचालन जिला महामंत्री शरद कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रकाशचंद्र पाल, नन्हकऊ गुप्ता, श्यामधर मिश्र, विकास सिंह, अमित दुबे आदि मौजूद रहे।