सुरेरी। रामपुर ब्लाक के भदखिन गांव के आवास के लाभार्थियों ने मंगलवार को पांचवें दिन जांच टीम से खुलकर अपनी पीड़ा बयां की। किसी ने प्रधानपति द्वारा 20 हजार तो किसी ने पांच हजार रुपये वसूलने की बात कही। कुछ लोगों ने तो यहां तक कहा कि आवास के लिए मिला पूरा धन ही प्रधानपति ने ले लिया।
रामपुर ब्लॉक के एडीओ एजी श्रवण कुमार उपाध्याय द्वारा पांचवें दिन मंगलवार को भी भदखिन गांव में जांच करने पहुंचे। इस दौरान आवास के लाभार्थियों उनसे खुलकर अपनी बात कही। प्रसिद्धन व बुलाकी ने प्रधानपति कैलाश यादव को पांच -पांच हजार रुपये आवास के एवज में लेने का आरोप लगाया तो अमरनाथ ने कहा कि उससे 20 हजार रुपये लेकर आवास की 70 हजार रुपये की धनराशि दी गई। सभी लोगों ने खुलकर अपनी बात जांच अधिकारी के सामने रखी। जांच में यह भी बात सामने आई कि कुछ लोगों से एक से अधिक आवास दिलाने के नाम पर भी वसूली की गई है। ग्रामीणों ने जांच अधिकारी को बताया कि विजय शंकर, बलवंता व राजेश आदि के परिवार में अलग-अलग नामों से दो और तीन आवास तक दिए गए हैं। उनमें से एक भी आवास मौके पर नहीं बने हैं। एडीओ एजी ने बताया कि प्रधान द्वारा आवास देने में पैसे की वसूली की गई है। लाभार्थियों ने खुद इसकी जानकारी दी है। जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।