सुजानगंज। क्षेत्र के सुजानगंज- बदलापुर मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त सई नदी के धीरदास पुल पर यात्रियों की भीड़ मंगलवार को जमा रही। पुलिस ने पुल पर उन्हें जाने से रोक दिया। पुल एक मीटर की दूरी में क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल की लंबाई 150 मीटर की है।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता राधाकृष्ण ने डीएम को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि इलाहाबाद- गोरखपुर मार्ग के किमी 72 में सई नदी पर स्थित धीरदास सेतु का प्रथम स्पान एक मीटर क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने कहा है कि सुरक्षा की वजह से आवागमन बंद कर दिया गया है। पुल पर आवागमन बंद होने से आस पास के गांवों में नावों की मांग बढ़ गई है। पड़री घाट, हिम्मतनगर घाट, बेलवार घाट, प्यारेपुर, सोनहिता आदि गांवों में नाव चल रही है । लेकिन नदी में पानी अधिक होने के कारण नाव वाले भी एक बार में तीन से चार बाइक वालों को ही बैठा रहे है। राष्ट्रीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सुजानगंज व इंटर कालेज जैसे तमाम विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र स्कूल , कालेज नहीं पहुंच पा रहे है।