जौनपुर। शनिवार की आधी रात से लगातार दस घंटे तक हुई बारिश से शहर से लेकर गांव तक जलभराव हो गया। शहर में सड़कें देर तक पानी में डूबी रहीं। कई घरों में पानी घुस गया। भारी बारिश से जन जीवन अस्तव्यस्त हो गया। दिन में करीब दस बजे के बाद बारिश बंद हुई तो दोपहर बाद स्थिति सामान्य हुई। बारिश के बीच अलग अलग स्थानों पर मकान ढहने से मलबे में दबकर चार मवेशियों की मौत हो गई। सुजानगंज थाना परिसर में पानी भर गया और बाजार में कई दूकानों में पानी भरने से दूकानदारों की भारी क्षति हुई है। गौराबादशाहपुर में बारिश के दौरान एक हरा पेड़ बीच सड़क पर गिर गया जिससे बाजार में काफी देर तक जाम लगा रहा।
शनिवार की रात करीब 12 बजे से बारिश शुरू हुई तो सिलसिला सुबह दस बजे तक चलता रहा। मूसलाधार बारिश के चलते शहर में मछलीशहर पड़ाव, ताड़तला, मोहल्ला मीरमस्त, रौजाअर्जन, अबीरगढ़ टोला, खासनपुर, परमानतपुर, काली कुत्ती, ओलंदगंज, जहांगिराबाद समेत शहर के कई अन्य निचले इलाकों में पानी भर गया। मुल्ला टोला, मोहल्ला मीरमस्त परमानतपुर आदि मोहल्लों में जल निकासी की व्यवस्था ठीक न होने के चलते कई लोगों को घरों में पानी भर गया। सड़कों पर डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया। बारिश के चलते सुबह रक्षा बंधन के लिए मायके जाने वाली बहनों को भी परेशानी उठानी पड़ी। बारिश के चलते गोमती नदी के जल स्तर में भी छह इंच का इजाफा हुआ है। शनिवार की शाम तक गोमती का जलस्तर सात फीट पर था जो रविवार की शाम छह बजे तक 7.50 फीट तक पहुंच गया।
मुंगराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार पवारां थाना क्षेत्र के होलपुर गांव मे रविवार की सुबह गोपीनाथ की पशुशाला की दीवार ढह गई। उसमें बंधी भैंस और एक गाय की मलबे में दबकर मौत हो गई। गृहस्थी का सामान भी मलबे में दबकर नष्ट हो गया। खेतासराय प्रतिनिधि के अनुसार बारिश के चलते शाही ईदगाह की दीवार ढह गई। गौराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार रविवार को दोपहर सेवईनला के पास बारिश के दौरान एक हरा पेड़ सड़क पर गिर गया जिससे जौनपुर केराकत मार्ग पर देर तक जाम लगा रहा।
मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार करियांव गांव में बरसात का पानी जमा होने से गंगा सिंह का कच्चा मकान ढह गया। संयोग था कि मकान गिरने से पहले छत से चरमराने की आवाज सुनकर महिला जाग गई और शोर मचाया तो परिवार के सभी सदस्य बाहर आ गए। थोड़ी ही देर में मकान ढह गया। घर में रखा गृहस्थी का सामान भी मलबे में दब गया।
सुजानगंज प्रतिनिधि के अनुसार तेज बारिश से बेलवार तिराहा के पास मुगराबादशाहपुर मार्ग पर स्थित शैलेश हार्ड वेयर, किसान बीज भण्डार, अंशू आटो पार्टस समेत 10 से अधि दूकानों में पानी भर गया। थाना परिसर में भी पानी डूब गया। सुरेरी प्रतिनिधि के अनुसार भानपुर गांव निवासी श्यामलाल गुप्ता के मकान की दीवार रात में बारिश के दौरान ढह गया। मलबे की चपेट में आने से बगल में पड़ोसी की बंधी गाय और बछड़े की मौत हो ंगई।