सिकरारा। स्थानीय थाना क्षेत्र के देहजुरी गांव में नव निर्मित शिव मंदिर में शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्ति स्थापना की गई। शाम को आयोजित भंडारे में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
देहजुरी गांव निवासी सेवानिवृत शिक्षक त्रिवेणी सिंह व राज बहादुर सिंह ने जनसहयोग से शिव मंदिर का निर्माण कराया। मंदिर में शिवजी, माता पार्वती व उनके दोनों पुत्र गणेश व कार्तिकेय के साथ नंदी व शिवलिंग की स्थापना के लिए तीन दिनों से चल रहे आध्यात्मिक कर्मकांड के बीच शुक्रवार को कुल पुरोहित पंडित अजय शुक्ला व उनके सहयोगियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के साथ उक्त मूर्तियां मंदिर में स्थापित की गई। इस दौरान गुरुवार से आरंभ श्री रामचरित मानस पाठ की समाप्ति के पश्चात जन कल्याण की कामना से महायज्ञ में यजमान विनय सिंह, सुनील सिंह, अनिल सिंह, सपत्नी अन्य श्रद्धालुओं ने आहुति दी। देर शाम को आयोजित भंडारे में भारी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।