जफराबाद। बलिया जा रही एक महिला ट्रेन में यात्रा के दौरान प्रसव पीड़ा के बाद बच्चे को जन्म दिया। सूचना होने पर जौनपुर जंक्शन से आरपीएफ के अधिकारियों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य बताए जा रहे हैं।
बलिया की रहने वाली महिला संगीता ने बताया कि वह बुधवार की देर शाम बनारस से अपने मायके छपरा, बिहार जा रही थी, जिसे उसके पति ने वाराणसी से गोंदिया ट्रेन में बैठाया था। ट्रेन रात करीब 12 बजे जफराबाद जंक्शन के आगे बढ़ी कि संगीता को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। अन्य यात्री कुछ करते तब तक ट्रेन में ही उसने बच्ची को जन्म दिया। जौनपुर जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर ट्रेन के रुकने पर यात्रियों ने इसकी जानकारी आरपीएफ को दी। मामले की सूचना होते ही तुरंत हरकत में आरपीएफ के सिपाही जच्चा और बच्चा को ट्रेन से उतरवा लिया। इसके बाद एबुंलेंस से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वह अपने घर के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर नहीं दे सकी, जिसके चलते अभी उसके घर सूचना नहीं दी जा सकी।