बदलापुर / घनश्यामपुर। बदलापुर कस्बे के महराजगंज, धनियामऊं, सिंगरामऊ तथा घनश्यामपुर रोड पर प्रति दिन यात्रियों को जाम के झाम में परेशान होना पड़ता है। परिणामस्वरूप यात्रियों के समय तथा धन दोनों का नुकशान उठाना पड़ रहा है। सुबह से लेकर सायं तक प्राइवेट वाहन वाहन और ठेला खोमचा के अतिक्रमण से कस्बा पटा रहता है। वहीं तहसील के अधिवक्ता, वादकारी, छात्र , शिक्षक के साथ ही व्यापारियों का आवागमन प्रभावित रहता है। जाम के झाम में फंसे लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है । अतिक्रमणकारी नालियों और पटरियों पर ही नहीं अपितु सड़क पर भी कब्जा जमा लिए है। जिससे रोज लम्बा जाम लगता है। जाम में फंसे लोगों के बीच आगे निकलने की होड़ में प्रति दिन एक दूसरे के बीच तू-तू, मै-मै होती रहती है। जानकारी के बाद ऐसे प्रकरण पर अफसर भी मौन हैं। सभी रोड पर आवाजाही की भीड़ बनी रहती है। यहां दिन भर खरीदारों की भीड़ लगी रहती है। मगर यहां शाम होते ही सब्जी व ठेला खुमचा वाले दुकानदार अपना कब्जा जमा लेते है। ऐसे में पैदल आने जाने वालों को भी वाहनों का धक्का सहना पड़ता है। अतिक्रमण की समस्या दिनोदिन गहरी जा रही है। खरीदारी करने वाली महिलाओं को परेशानी होती है। जो बच्चों के साथ खरीदारी करने आती हैं। इस भीड़ का फायदा अक्सर शोहदे भी उठाते हैं। व्यापारी नेता धनंजय सेठ , संतोष निगम , राजन सेठ , सुशील निगम , संतोष जायसवाल आदि ने बदलापुर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासनिक अफसरों से सम्पर्क किया है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी डा. महेन्द्र ने बताया कि अतिक्रमण की समस्या की जानकारी है। टीम बनाई जा रही है। जल्द ही अभियान चलाकर अतिक्रमण को हटाया जाएगा।