सुरेरी। थाना क्षेत्र के परमालपुर(छेरहटी) गांव निवासी राजमन पांडेय ने रविवार को उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौपा। जिसमें मेन रोड से होकर गांव में जाने वाली आम रास्ते को दबंगों द्वारा टीन शेड रखकर बाधित कर देने की शिकायत की। जिसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक व थानाध्यक्ष सुरेरी को रास्ते से अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया। परमालपुर(छेरहटी) गांव निवासी राजमन पांडेय ने बताया कि गांव के ही दबंग किस्म के लोगों ने टीन सेड रखकर रास्ते को बाधित कर दिया है। मना करने पर भी हटाने को तैयार नहीं है। जबकि इसी रास्ते से होकर ग्रामीण मेन रोड से होकर गांव की आबादी तक पहुंच पाते हैं।मार्ग अवरुद्घ होने से ग्रामीणों को आने जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
सिकरारा। क्षेत्र के कलवारी गांव स्थित जीनोमफाउन्डेशन में रविवार को आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 35 मरीजो की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श व दवाएं दी गई। राहुल महाविद्यालय परिसर में पद्मश्री स्व. डा. लालजी सिंह द्वारा स्थापित उक्त केंद्र पर पूर्व की भांति रविवार को फिर से स्वास्थ्य शिविर लगने से क्षेत्रीय लोग काफी खुश दिखे। उन्हें अब दूर शहरों में जाना नहीं पड़ेगा। नगर के प्रख्यात चिकित्सक डा. विपुल सिंह द्वारा केंद्र पर आए 35 लोगों के स्वास्थ्य जांच कर दवायेंादी गई। इस मौके पर केंद्र के समन्वयक अरुण सिंह लैब प्रभारी डीएस प्रजापति, आशीष सिंह,अमिताभ सिंह,प्रशांत सिंह,आदि मौजूद रहे।
मछलीशहर। नगर के रामलीला मैदान से बजरंगदल के पदाधिकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के निधन पर शनिवार की शाम छह बजे कैंडिल मार्च निकाला। इस दौरान रामलीला मैदान से शुरू हुआ कैंडिल मार्च नगर के सराय मोहल्ला, सादिगंज होते हुए मुंगराबादशाहपुर चौराहा पहुंचा। जहां पर समापन हुआ। कैंडिल मार्च जिस भी मार्ग से गुजर रहा था लोग इसमें जुटते गए। कैंडिल मार्च के दौरान रवि पटवा, राजकुमार पटवा, अमन अग्रहरि, सन्तोष तिवारी, बृजेश सोनी शंकर लाल पटवा, कृपाशंकर श्रीवास्तव, धीरज अग्रहरि आदि मौजूद रहे।