जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय राष्ट्रीय युवा दिवस को यादगार बनाने की तैयारी में अभी से जुट गया है। स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर 12 जनवरी को आयोजित होने वाले युवा दिवस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योग गुरु बाबा रामदेव को बुलाने की तैयारी है।
कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य छात्रों को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से परिचित कराने के साथ योग के प्रति जागरूक करना है। स्वामी विवेकानंद की जयंती हर वर्ष 12 जनवरी को युवा दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष विश्वविद्यालय प्रशासन युवा दिवस को यादगार बनाने की तैयारी चल रही है। कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने के लिए डेढ़ लाख लोगों को न्योता देने की योजना की जा रही है। इसमें एनएसएस के 60 हजार स्वयं सेवक शामिल हैं। इसमें चार सौ कालेजों के एनएसएस अधिकारी भी शामिल किए जाएंगे। युवा दिवस में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योग बाबा रामदेव को निमंत्रण भेजा गया है। पीएमओ से भी भरोसा मिला है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम पूर्वांचल विश्वविद्यालय को मिल सकता है। जबकि योग गुरू बाबा रामदेव ने युवा दिवस में शामिल होने के लिए अपनी स्वकृति विश्वविद्यालय को भेज दिया है। विश्वविद्यालय में यह पहला आयोजन होगा जब युवा दिवस को मनाने के लिए इतनी बड़ी संख्या में लोगों को न्योता देने की तैयारी की जा रही है। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डा. मनोज मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभी तैयारी शुरू हो गई है। डेढ़ लाख लोगों को न्योता दिया जाना है। लोगों के नाम की सूची तैयार की जा रही है।