बरसठी। ब्लाक प्रमुख अर्चना यादव की अध्यक्षता में शनिवार को ब्लाक सभागार में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक हुई जिसमें 1.60 करोड़ रुपये का नया कार्य कराने का प्रस्ताव पास हुआ। सदस्यों ने गांवों में पेयजल की बेहतर सुविधा नहीं होने और मच्छरमार दवाओं का छिड़काव और हैंडपंपों को रिबोर नहीं करने का मुद्दा उठाया। बीडीओ को तत्काल सूची बनाकर हैंडपंपों का रिबोर कराने को कहा।
खंड विकास अधिकारी रामदरश चौधरी ने पिछली कार्यवाही पढ़कर सुनाई। इस दौरान बीते वर्ष में हुए 80 लाख के कार्यों को सदन के सदस्यों के सामने रखा। कहा कि क्षेत्र पंचायत से कांटी, पपरावन, बनकट, गद्दोपुर, पिलकथुआ, बरेठी, गनेशपुर, खुइरी, गोठांव सहित दो दर्जन गांवों में 80 लाख रुपये के 72 कार्य कराए गए हैं। इसमें ब्लाक मुख्यालय के सभागार का मरम्मत भी शामिल है। प्रमुख के सामने हैंडपम्प रिबोर के मामले को सदस्यों ने उठाया। प्रमुख ने बीडीओ को तत्काल रिबोर की सूची बनाकर कराने के लिए कहा। बीडीओ ने बताया कि नि:शुल्क बोरिंग का काम शुरू हो गया है। इच्छुक किसान बोरिंग टेक्निशियन से मिलकर प्रस्ताव देकर बोरिंग करा सकते है। शौचालय बनवाने के लिए 21 हजार परिवारों के लक्ष्य के सापेक्ष साढ़े 12 हजार बन गया है । शेष शौचालय 2 अक्टूबर के पहले बनकर तैयार हो जाएगा। रसुलहा गांव के बीडीसी सदस्य ने सदन में प्रमुख के सामने कहा कि गांव में स्वास्थ्य कर्मी द्वारा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नहीं होता।जिस पर स्वास्थ्य विभाग के डॉ सूर्यभान पटेल ने बताया कि पहले गांव की एनम व प्रधान का संयुक्त खाता होता था, जिससे दिक्कत होती थी। शासन के नए निर्देश पर अब प्रधान का खाता गांव की आशा के साथ खुलेगा जिससे आने वाली समस्या दूर हो जाएगी। बैठक में मल्हनी विधायक पारस नाथ यादव ने कहा कि यह ब्लाक मेरा घर है। यहां किसी को कोई परेशानी हो तो सीधे हमसे बात करें।उसकी समस्या तत्काल हल कराया जाएगा।सदस्यो ने अपने अपने क्षेत्र में कार्यो का प्रस्ताव दिया जो करीब 1.60 करोड़ की अनुमानित लागत की है। खाते में 50 लाख शेष है, जिसका काम हो चुका है लेकिन अभी भुगतान नही हो पाया है। बैठक में ओम यादव,आकाश यादव, खण्ड शिक्षा अधिकारी जवाहर लाल यादव सीएचसी के डॉ सूर्यभान सिंह पटेल, शेषनाथ यादव, गुड्डू सिंह, एडीओ पंचायत कृष्ण कुमार मिश्रा, जेई एमआई विजय कुमार सिंह, चन्द्रमोहन यादव, शशि सिंह, कैलाश दुबे, अरुण कुमार सिंह, कैलाश उपाध्याय, सहित समस्त बीडीसी व ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।