जौनपुर। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. अनुराग मिश्र के नेतृत्व में देवरिया कांड के विरोध में सद्भावना पुल से नगर पालिका चंदशेखर आजाद की प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकाला गया। जहां जिलाध्यक्ष ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की बात करने वाली वर्तमान सरकार आज पूरे देश में बेटियों के मान सम्मान और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। योगी सरकार की मानवीय संवेदना मर चुकी है। महिला सुरक्षा को लेकर संवेदनहीन सरकार कानून व्यवस्था के प्रश्न पर पूरी तरह फेल हो चुकी है। जिला सचिव मोहम्मद हैदर खान ने कहा कि यह सरकार केवल जुमलेबाजी करती है। संगठन संयोजक सोम कुमार वर्मा ने कहा कि महिला सुरक्षा हो चाहे कानून व्यवस्था हो चाहे रोजगार का मुद्दा हो हर मुद्दे पर यह सरकार विफल रही है। इस मौके पर भैया लाल सरोज, अनुराग त्रिपाठी, राकेश चतुर्वेदी, हिंद नारायण तिवारी, अमित श्रीवास्तव, अमन यादव, अमरनाथ यादव, अजय यादव, सूर्य नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।