रामपुर/ मडियाहूं। जौनपुर- मिर्जापुर मार्ग पर भदोही सीमा पर वरूणा नदी पर बना धौरहरा पुल क्षतिग्रस्त हो जाने से पिछले 20 घंटे से 21 किमी तक भारी वाहनों की लंबी लाइन लग गई है। जिससे यातायात व्यवस्था फेल हो गई है। वैसे जमालापुर से बाबतपुर होकर कुछ वाहनों को डायवर्ट किया गया है। लेकिन भारी वाहन उधर से जाना नहीं चाहते है। पुलिस ने भारी वाहनों को सड़क के किनारे खड़ा करा दिया है। छोटे वाहन भी बड़ी मुश्किल से आ जा पा रहे हैं। वाहनों के सड़क पर खड़ा होने की वजह से स्कूली वाहन बच्चों को लेने नहीं गए।
जौनपुर से भदोही होते मिर्जापुर तकरीबन एक हजार वाहन प्रतिदिन आते-जाते हैं। मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करने हजारों लोग गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, आजमगढ़ से इधर से ही होकर आते-जाते हैं। वाहनों के सड़क पर खड़ा होने से लोगों का आवागमन बंद सा हो गया है। पुलिस वाहनों को डायवर्ट तो कर रही है। बावजूद धौरहरा से रामदलायगंज तक ट्रकों की लंबी लाइनें लगी हैं। पुलिस पूरी तरह भारी वाहनों पर बाबतपुर से होकर जाने का दबाव भी नहीं बना पा रही है। वहीं मड़ियाहूं पुलिस नगर के शिवपुर बाईपास सत्ती माता तिराहे व रेलवे गेट पर खड़ी होकर किसी तरह स्कूल बसों को पास कराने में जुटी हुई थी। जौनपुर से जाने वाले तकरीबन 30 से अधिक स्कूली बसें रास्ते से ही लौट गईं। जाम से रामपुर क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों से मड़ियाहूं तहसील पहुंचने वाले वादकारियों और अन्य लोगों को तहसील मुख्यालय व जिला मुख्यालय तक पहुंचने में जलालत झेलनी पड़ रही है। उधर सावन का दूसरे सोमवार होने के चलते कांवरियों को भी जल लेकर आने में कठिनाइयों से जूझना पड़ा। अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय का कहना है कि जौनपुर की तरह से जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा है। जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।