खुटहन। विद्युत विभाग अपनी जिम्मेदारियों के प्रति कितना संवेदनशील है। इसका उदाहरण स्पष्ट रूप से लवायन गांव में देखने को मिला। जहां एक सप्ताह से 440 वोल्ट का तार रास्ते पर गिरा पड़ा है। तार में विद्युत आपूर्ति चालू है। जो बड़ी दुर्घटना को दावत दे रहा है। लगभग छ: माह पूर्व इसी तरह गिरे तार की चपेट में आकर एक हाईस्कूल के छात्र की मौत हो गई थी। उसके बाद भी विभाग लापरवाही बरत रहा है।
सड़क पर खंभे का 440 वोल्ट का एक तार 27 जुलाई की रात अचानक टूट कर गिर गया। इसी के बगल से ही लोगों के आने जाने का रास्ता भी है। छोटे बच्चे तथा स्कूल कॉलेज जाने वाले छात्र इसी रास्ते से आते जाते हैं। बगल में तार गिरा होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लगभग छ: माह पूर्व साहब लाल चौरसिया का 17 वर्षीय पुत्र सोनू जो हाईस्कूल का छात्र था। इसी जगह गिरे हुए तार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी। उसके बाद भी प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। गांव निवासी लल्लू श्रीवास्तव, वीरेंद्र विश्वकर्मा, रमेश उपाध्याय, शिव नारायण उपाध्याय, राम उदयसिंह आदि ग्रामीणों का आरोप है कि तार को सही करने के लिए कई बार विभाग को सूचित किया गया लेकिन न तो यहां लाइनमैन आया और न ही कोई अधिकारी। शायद सभी लोग बड़ी घटना होने का इंतजार कर रहे हैं। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में जेई का कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में नही था। दो घंटे के भीतर उसको ठीक करा दिया जाएगा।