सुजानगंज। प्राथमिक विद्यालय सुजानगंज तक पहुंचने का मार्ग पानी से डूब गया है। यह मार्ग न तो पक्की सड़क है न ही खड़ंजा। बल्कि मिट्टी का कच्चा रास्ता है। बारिश के चलते मिट्टी बह गई है। इससे पानी भर गया है। छात्र तो पानी में ही आ जा रहे हैं। यहां के अध्यापक अपनी बाइक विद्यालय से करीब सौ मीटर पहले ही खड़ी करके किसी तरह पानी में से जाते हैं। गांव निवासी दीपक सिंह ने कहा कि मिट्टी का रास्ता है, जो बारिश में बह गया है। इससे आने जाने में परेशांनी हो रही है। छात्रों को ही नहीं बल्कि अध्यापकों को भी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानपति राजेश यादव ने कहा कि बजट न होने के कारण खड़ंजा नहीं बन पाया है। इससे समस्या उत्पन्न हो रही है। बजट आने पर खड़ंजा लगवा दिया जाएगा।