जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के चेतरहा गांव निवासी महिला को मारने पीटने, लूटपाट व धमकी देने के मामले में कोर्ट के आदेश पर सरपतहां के सराय मोहिद्दीनपुर के चौकी प्रभारी व चार कांस्टेबल के खिलाफ 25 जून 2018 को परिवाद दर्ज हुआ था। आरोप है कि मुकदमे से नाराज सरपतहां पुलिस ने 30 जून 2018 को वादिनी के पति राधेश्याम लोना को घर से पकड़कर उसके पास चोरी की बाइक व कट्टा, कारतूस की फर्जी बरामदगी दिखाकर चालान कर जेल भेज दिया। अपर सत्र न्यायाधीश पंचम शाजिया नजर जैदी ने आरोपी राधेश्याम को 40 हजार के दो जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। जमानत पर सुनवाई के दौरान अभियुक्त से बरामद दिखाई गई बाइक को किसी अपराध से संबंधित होने का प्रपत्र और उसका अपराधिक इतिहास प्रस्तुत नहीं किया गया।
मंजू देवी निवासी गांव चेतरहा ने कोर्ट में परिवाद दायर किया था कि 19 जून 2018 की रात सराय मोहिद्दीनपुर पुलिस चौकी प्रभारी संतोष कुमार राय अपने चार हमराहियों के साथ वादिनी के घर में घुस आए। वादिनी को लात मुक्का से मारा पीटा, गालियां दिए तथा गहने लूट लिए। जाते समय धमकी दिए कि किसी अधिकारी से शिकायत की तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार वालों को फर्जी मुकदमे में फंसा कर बर्बाद कर देंगे। थाने पर सूचना देने गई तो उसे डांट कर भगा दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने भी कोई कार्यवाही नहीं की। तब वादिनी ने कोर्ट में परिवाद दायर किया था।