जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुत्तूपुर बाजार में सार्वजनिक वितरण प्रणाली का ट्रक सहित पकड़ा गया 250 बोरा गेहूं के मामले में ट्रक चालक, ट्रक मालिक और अज्ञात कालाबाजारी करने वाले राशन माफियाओं के खिलाफ नगर के पूर्ति निरीक्षक रत्नेश कुमार ने सरायख्वाजा पुलिस को तहरीर दी है।
कुत्तूपुर बाजार में ट्रक पर लदा सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर जा रहा एक ट्रक गेहूं डीएम की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट योगानंद पांडेय ने सोमवार को पकड़ा था। इस मामले की पूर्ति विभाग जांच कर रहा था। जांच में यह गहूं सार्वजनिक वितरण प्रणाली का होना पाया गया है। इसके बाद डीएम से अनुमति लेकर विभागीय अधिकारियों ने पुलिस को तहरीर दिया है। प्रश्न यह है कि यह माल कहां से आ रहा था और कहां जा रहा था। इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहा है। ट्रक मालिक जौनपुर का ही एक व्यक्ति बताया जा रहा है। जिसके संबंध गल्ला माफियाओं से बताए जाते हैं। सच्चाई क्या है यह तो जांच में ही पता चलेगा। सहायक जिला पूर्ति अधिकारी अरूण ने बताया कि पुलिस को तहरीर दे दी गई है। केस दर्ज कर पुलिस गल्ला माफियाओं के बारे में पता करेगी।
जलालपुर। जिलाधिकारी के आदेश पर सप्लाई इंस्पेक्टर दिनेश कुमार पथिक ने मंगलवार को बिबनमऊ गांव में राशन की दुकान की जांच की। इस दौरान खाद्यान नहीं पाने वाले ग्रामीणों का बयान दर्ज किया।ग्रामीणों ने डीएम से एक पखवारा पूर्व शिकायत की थी कि कोटेदार खाद्यान नही देता है। मागने पर अपशब्द कहकर भगा देता है। इस शिकायत पर उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह को जांच करने का निर्देश दिया। जिस पर सप्लाई इंस्पेक्टर ने गांव में पहुचकर कोटे की दुकान से राशन नहीं पाने वाले करीब दो दर्जन ग्रामीणों का बयान दर्ज किया।