सुरेरी। विकास खंड रामपुर के प्राथमिक विद्यालय भानपुर प्रथम पर अध्यापकों के नहीं आने और देर से विद्यालय पहुंचने पर बच्चों ने सोमवार की सुबह अध्यापकों के खिलाफ प्रदर्शन कर लगाए। प्रधानाध्यापक ने समझाकर बच्चों को शांत कराया।
विकासखंड रामपुर के ग्राम सभा भानपुर के प्राथमिक विद्यालय प्रथम के अध्यापकों की कार्यशैली सरकार की करोड़ों रुपये खर्च करके सर्व शिक्षा अभियान के तहत शिक्षा को बढ़ावा देने वाली मंशा पर पानी फेरता नजर आ रहा है। इस विद्यालय पर प्रधानाध्यापक संतोष कुमार यादव के अलावा तीन सहायक अध्यापक शशिलता, सुनील कुमार चौधरी और वकील अहमद की तैनाती है। बच्चों का कहना रहा कि शशिलता व सुनील कुमार चौधरी आए दिन विद्यालय से नदारद रहते हैं। वहीं वकील अहमद दूर से विद्यालय पर आते हैं जिससे सही समय से नहीं पहुंच पाते। इससे विद्यालय के पूरे बच्चों की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक संतोष कुमार यादव को ही संभालनी पड़ती है। ऐसे में उनके सामने यह समस्या होती है कि किस-किस क्लास के बच्चों के पठन-पाठन का कार्य एक साथ करवाएं। उधर क्लास में अध्यापक के न होने के कारण बच्चे भी इधर-उधर घूमते व आपस में मारपीट करते नजर आते हैं। सोमवार की सुबह उन्होंने नौ बजे तक विद्यालय में नहीं पहुंचने वाले अध्यापकों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रधानाध्यापक संतोष कुमार यादव ने किसी तरीके से बच्चों को समझा-बुझाकर शांत कराया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि सुनील कुमार चौधरी व शशिलता आए दिन विद्यालय से नदारद रहते हैं। जिसकी जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी को भी दे चुका हूं। खंड शिक्षा अधिकारी मंगरुराम ने बात करनी चाही तो उन्होंने बात करने से इनकार कर दिया।