जौनपुर। जमींने मुबारक कदम रसूल छोटी लाइन इमाम बारगाह भंडारी स्टेशन के समीप रविवार को हिंदू, मुस्लिम एकता के प्रतीक शिया पंजतनी कमेटी की सरपरस्त सकीना बीबी के चेहल्लुम की मजलिसे अजा हुई। इसमें देश के मशहूर मौलाना कमर सुल्तान दिल्ली ने कहा कि ईमाम हुसैन की कर्बला के मैदान में दी गई कुर्बानी इंसानियत को शिक्षित करने का काम करती रहेगी।
मौलाना एजाज हसनैन करारवी ने कहा कि कर्बला के मैदान में बुजुर्ग से लेकर जवान और बच्चे तक के साथ हुई बर्बरता को जानकर सभी की आंखें छलक उठेंगी। उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन के चाहने वालों को चाहिए कि उनके संदेश से ऐसी जागरूकता पैदा करें कि इंसान के दिलों की आंखें रोशन हो जाए। इससे पूर्व सोजख्वानी गौहर जैदी व उनके हमनवां तथा अंजुमन शमशीरे हैदरी ने नौहाख्वानी व मातम किया। मौलाना मनाजिर हसनैन, मौलाना शेख हसन जाफ़र, पूर्व सभासद शाहिद मेंहदी, आजम जैदी, फैसल हसन तबरेज, नायब हसन सोनू, ताबिश, तौकीर हसन, कैफ़ी रिजवी सहित उनके परिवार के सदस्यों ने फातेहा पढ़कर सकीना बीबी को श्रद्धांजलि दी।