मुंगराबादशाहपुर। क्षेत्र के पुरऊपुर गांव में सोमवार को हवा का टैंक फटने से युवक की मौत होने के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर पंचर बनाने वाले छनैता गांव निवासी केशरी मौर्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की माने तो क्षमता से अधिक हवा भरने के चलते टैंक फट गया जिससे पास में मौजूद युवक हादसे का शिकार हो गया।
थानाध्यक्ष अनिल सिंह की माने तो केशरी ने टंकी में क्षमता से अधिक हवा भर रखी थी। हवा भरने वाला इंजन चालू कर वह रोडवेज बस के पहिए में हवा भर रहा था। इसी दौरान हवा अधिक होने से टैंक फट गया।
मौके पर मौजूद लोगो के मुताबिक संचालक की लापरवाही से और लोगों की जान जा सकती थी । इलाहाबाद से जौनपुर की ओर एक रोडवेज की बस जा रही थी जो रास्ते में पंचर हो गयी । ड्राईवर इसी दूकान पर रोक कर पंचर बनवा रहा था। पंचर बनाने के बाद अन्य टायरों मे हवा भर रहा था। इसी बीच तेज आवाज के साथ धमाका हुआ और चारों तरफ धूल गुब्बार फैल गया। लोगो को कुछ दिखाई पडने के बाद घटना स्थल की ओर दौड़े तो देखा दूकान के बगल फर्नीचर का काम कर रहे अरविन्द विश्वकर्मा (25) निवासी छनैता का शव पड़ा था । कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था । पिता नन्दलाल को भी हादसे मे चोट आई ।मृतक के चार भाई है पहला भाई पप्पू जो साथ मे फर्नीचर का काम करता था । दूसरा भाई मुम्बई मे किसी फैक्टरी मे काम करता है । चौथा भाई अगले साल मुम्बई मे काम करते वक्त हादसे का शिकार हो गया जिससे उसकी मौत हो गयी थी । आज स्वयं ही हादसे का शिकार हो गया । मृतक अरविन्द की शादी सहसों इलाहाबाद मे तय हो गयी थी आगामी नवम्बर को बारात जानी थी लेकिन परिजनों की सारी हसरतों पर मानो बज्रपात हो गया ।