जौनपुर। इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स पर जीएसटी 28 प्रतिशत के बजाए 18 फीसदी हो गई है। इसे 27 जुलाई से लागू होना था लेकिन किसी भी दुकानदार ने इसे लागू नहीं किया। टैक्स कम होने के बावजूद 28 प्रतिशत ही टैक्स लिया गया। इसे लेकर कुछ जगहों पर किचकिच भी हुई। कुछ लोगों ने सेल टैक्स विभाग के अधिकारियों को फोन किया। कारोबारियों का कहना है कि उन्होंने अधिकारियों से पूछा तो आदेश हुआ कि पुराना रेट ही लेना है। ऐसे में वह रेट कैसे कम कर दें। उन्हें जब कोई आदेश मिलेगा तो उसका तुरंत पालन करेंगे। उधर, असिस्टेंट कमिश्नर सेल टैक्स संतोष द्विवेदी ने बताया कि कोई अधिसूचना अभी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के फोन भी सुबह से आ रहे हैं लेकिन जब तक अधिसूचना नहीं आ जाती, तब तक पुराना रेट ही लागू रहेगा। कानून का रूप मिलने के तत्काल बाद ही आदेश प्रभावी मान लिया जाएगा।