जौनपुर। दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता विनय विक्रम यादव निवासी सफीपुर, खेतासराय के घर पर असलहा लेकर पहुंचे दबंगों द्वारा गालियां, धमकी देने व रास्ता बंद करने से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार किया। नारेबाजी करते हुए अधिवक्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। एसपी सिटी व एसपी ग्रामीण को ज्ञापन सौंपकर दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि त्वरित कार्रवाई न हुई तो अधिवक्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
अधिवक्ता विनय ने संघ के अध्यक्ष को प्रार्थना पत्र दिया कि उनके पड़ोसी काफी दबंग किस्म के हैं। 24 जुलाई की शाम आरोपी गालियां देते हुए असलहा लेकर उनके घर पर चढ़ आए और घर के सामने आने जाने का एकमात्र रास्ता खोदकर कर बंद कर दिया। अधिवक्ता को परिवार समेत जान से मारने धमकी दिए। रास्ता बंद होने के कारण वाहन का आना जाना असंभव हो गया। धमकी से अधिवक्ता का परिवार अत्यंत डरा-सहमा है। साथी पर ज्यादती से अधिवक्ता आक्रोशित हो उठे। काफी संख्या में अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई की मांग किया। इस अवसर पर अध्यक्ष बृजनाथ पाठक, मंत्री बरसातू राम, सुभाष चंद्र यादव, अवधेश सिंह, समर बहादुर यादव, हिमांशु श्रीवास्तव, रविंद्र विक्रम सिंह, रामप्रसाद शुक्ल, शरदेंदु, बृजेश निषाद, राजनाथ यादव, अरविंद तिवारी, जय कृष्णलाल श्रीवास्तव, जरगाम, ओमप्रकाश पाल, अभिषेक मौर्य, सुरेंद्र मिश्र आदि उपस्थित थे।