मडियाहूं। गायत्री परिवार शांतिकुंज की ओर से गायत्री चेतना केंद्र सुभाषपुर पाली गांव में चौरा माता मंदिर पर चार दिवसीय पावन पुराण कथा एवं 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन 24 से 27 जुलाई तक किया जा रहा है। इसका शुभारंभ मंगलवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। सैकड़ों महिला और पुरुष सिर पर कलश लेकर गीत गाते हुए चल रहे थे । सभी नर और नारी एक समान जाति वंश सब एक समान, नारियों जागो अपने को पहचानो आदि का घोष करते चल रहे थे। कलश यात्रा में हाथी-घोड़े बैंड बाजे रथ तथा पैदल चलने वालों का तांता लगा हुआ था। बीच-बीच में लोग उनके ऊपर अक्षत और फूल डालकर स्वागत कर रहे थे। आयोजक ने बताया कि पूर्णाहुति के दिन धरती माता को हरी चुनर पहनाने के लिए हजारों पेड़ों का वितरण भी किया जाएगा। पंडित ब्रह्मदेव मिश्र ,छोटेलाल यादव, भगवान मिश्रा, सुनील मिश्र, दिनेश ओझा, हीरालाल मौर्य, अशोक मिश्रा सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे । संचालन डा. डी पटेल एवं राजेश भारती ने किया।