बरईपार । क्षेत्र के चांदपुर गांव में आठ वर्ष से बनकर तैयार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का आखिरकार मंगलवार को उद्घाटन हुआ। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रामजी पांडेय ने फीता काटकर सीएचसी का शुभारम्भ किया।
उन्होंने कहा की 30 बेड के इस अस्पताल में सभी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध है। लोगों को उपचार कराने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि गांवो में शहरों की तरह सुविधाएं उपलब्ध कराकर विकसित किया जाय । ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुखताओं में शामिल है।इस दौरान उक्त केंद्र पर नियुक्त प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. श्यामधर के प्रयासों की तारीफ की। उन्होंने शीघ्र ही केंद्र पर चौबीस घंटे एक एम्बुलेंस की व्यवस्था कराने की बात कही। कार्यक्रम के आयोजक व प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. श्यामधर ने सभी आगंतुको का स्वागत करते हुए कहा कि अब उक्त केंद्र पर मातृ शिशु स्वास्थ्य ,प्रसव सुविधा,नवजात शिशु देखरेख,टीकाकरण,नसबंदी समेत सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं चौबीस घंटे उपलब्ध रहेगी।