श्रावण मास में श्री गौरीशंकर मंदिर मंदिर तक श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते हुए नहीं जा पाएंगे। सोमवार को क्षेत्राधिकारी की अध्यक्षता में मेले के सुरक्षा की तैयारियों पर विचार किया गया। उसके बाद पुलिस ने दुकानों आदि की व्यवस्था का जायजा लिया।
सीओ सौम्या पांडेय ने कहा कि जो महिलाएं दूर से आती हैं, उन्हें किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं होना चाहिए। इसके लिए प्रशासन से शौचालय बनवाने की मांग की जाएगी। बैठक के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आसपास लगी दुकानों के मालिकों से कहा कि 28 जुलाई तक सभी की दुकानें सड़क से लगभग दस फीट छोड़कर ही लगाएं। कोई शांति भंग करने का प्रयास करता है, तो तुरंत इसकी सूचना थानाध्यक्ष को दें। उन्होंने थानाध्यक्ष से कहा कि कांवरियों के डीजे राष्ट्रीय महाविद्यालय से पहले ही रोक लें। किसी भी दशा में मंदिर परिसर तक डीजे नहीं पहुंचने दें। मंदिर समिति के सचिव को मंदिर परिसर की सफाई व हैंडपंपों की व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया और कहा कि मंदिर परिसर में माला-फूल और प्रसाद के सिवाय और कोई भी दुकानें नहीं लगनी चाहिए। नायब तहसीलदार संतोष कुमार शुक्ल, मंदिर के सचिव सुधीर तिवारी, मन्नू सिंह, शशिकांत तिवारी, पिंटू पांडेय, आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।