बक्शा। गोरियापुर(नौपेड़वा) विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 80 से अधिक गांव पिछले 44 घंटे से अंधेरे में हैं। इनवर्टर भी जवाब दे गए हैं, मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहा है। मोबाइल चार्ज करने के लिए भी लोग तरस गए। धान की रोपाई का काम भी बाधित है। विद्युत उपकेंद्र के पास शुक्रवार की आधी रात को किसी अज्ञात वाहन के धक्के से 11 हजार वोल्ट लाइन के आठ पोल टूटने से यह समस्या आई है।
गोरियापुर नौपेड़वा विद्युत उपकेंद्र के बगल से ही फोरलेन बाईपास गुजर रहा है। बाईपास के निर्माण में लगी एक मशीन शुक्रवार की आधी रात को विद्युत उपकेंद्र के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान 11 हजार वोल्ट लाइन का तार मशीन में फंस गया और एक के बाद एक आठ पोल टूट गए। संयोग था संयोग था कि कोई हादसा नहीं हुआ। चालक मशीन छोड़कर फरार हो गया। पोल टूटते ही विद्युत उपकेंद्र के दरियावगंज और धनियांमऊ फीडर से जुड़े नौपेड़वा, मोहम्मदपुर, गोरियापुर, मगरेसर, रस्तीपुर, महनपुर, करतिहां. मई, हमीनपुर, जमुनीपुर, सुल्तानपुर, उत्तरपट्टी, बर्रेपट्टी, दक्षिणपट्टी रन्नो, मोहम्मदपुर, महिमापुर, बभनौटी, टिकरी, सरायहरखू समेत करीब 80 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। शुक्रवार की रात एक बजे से गुल हुई बिजली रविवार की देर शाम करीब आठ बेज तक बहाल नहीं हो सकी थी। बिजली गुल होने से जहां लोग गर्मी से परेशान हैं वहीं मोबाइल तक लोग चार्ज नहीं कर पा रहे। रविवार तक इलाके के अधिकतर लोगों के मोबाइल की बैट्री जवाब दे गई। इन दिनों धान की रोपाई का काम चल रहा है। जिससे खेती का काम भी प्रभावित हुआ है। उधर बिजली विभाग के जेई की तहरीर पर बक्शा पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत एससी सिनोदिया ने बताया कि नौपेड़वा विद्युत उपकेंद्र के पास टूटे सभी पोल को रविरा की देर शाम तक ठीक कर लिया गया। तार ठीक करने का काम चल रहा है। रात में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।