मछलीशहर। किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा चलाए जा रहे क्रमिक अनशन के 100 वें दिन शुक्रवार को तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार कानून व्यवस्था को संभालने में विफल हो गई है। महंगाई आसमान छू रही है और भ्रष्टाचार पहले से ज्यादा फलफूल रहा है। अपराध चरम पर पहुंच चुका है। गोरक्षा के नाम पर दलितों और अल्पसंख्यकों को प्रताड़ित किया जा रहा है। सरकार और प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। शिक्षा पर बजट घटाकर उसका व्यवसायीकरण किया जा रहा है। बेसिक स्कूलों, बिजली, पानी, परिवहन, रेल आदि को निजी क्षेत्रों में सौंपा जा रहा है। लोकतांत्रिक मूल्यों की अवहेलना की जा रही है। इन सबके खिलाफ जनता में आक्रोश बढ़ रहा है। इस मौके पर कामरेड जगन्नाथ शास्त्री, जय प्रकाश सिंह, लालजी यादव, विजय राजभर, कृष्ण नारायण तिवारी, सुभाष पटेल, रामनाथ, विश्वनाथ यादव, लालमणि सिंह, सालिकराम यादव ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता कामरेड राम उजागिर चौहान ने एवं संचालन सत्य नारायण पटेल ने किया।