जौनपुर। टीवी पर तीन तलाक पर डिबेट के दौरान सुप्रीम कोर्ट की महिला अधिवक्ता के साथ धर्मगुरु द्वारा अभद्रता एवं दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता विनोद कुमार दुबे को पड़ोसी की शह पर लाइन बाजार पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार करने से आक्रोशित दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया और पूरे दिन कार्य बहिष्कार किया।
अधिवक्ता विनोद ने संघ के अध्यक्ष बृजनाथ पाठक को प्रार्थना पत्र दिया कि मिंयापुर कचहरी रोड स्थित उनके मकान की पूर्वी खिड़की 60-65 वर्ष से खुली है। पड़ोसी दीवाल खड़ी कर उनकी खिड़की बंद करने पर आमादा है। गुरुवार को लाइन बाजार पुलिस वहां आकर उनके साथ अभद्रता की व अपशब्द कहे। रोड से गुजर रहे अधिवक्ताओं के विरोध पर मामला शांत हुआ। अधिवक्ताओं ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा किया। पुलिस के कारनामों पर आक्रोश जताया। कहा कि पुलिस प्रशासन भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति करता है तो अधिवक्ता कठोर कदम उठाने को बाध्य होंगे। आए दिन वकीलों पर हमले और दुर्व्यवहार से अधिवक्ता समुदाय आक्रोशित है। इस मौके पर मंत्री बरसातू राम, शरदेंदु चतुर्वेदी, अजीत सिंह, भीम सिंह, हिमांशु श्रीवास्तव, रवींद्र विक्रम सिंह, संजीव सिंह, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, आशुतोष उपाध्याय, पंकज श्रीवास्तव, सुभाष शुक्ल, बृजेश सिंह, राजीव कुमार, कमलेश, गुरु प्रसाद आदि उपस्थित रहे।