जौनपुर। जिले के सभी तहसीलों में मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर लेखपालों की हड़ताल का असर साफ दिखा। दस फीसदी से भी कम लोगों को मौके पर समाधान मिल पाया। कुल 779 प्रार्थनापत्रों आए, जिनमें से महज 59 का निस्तारण किया जा सका। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने मड़ियाहूं में जन समस्याएं सुनते हुए शेष बचे समस्याओं को एक सप्ताह के अंदर गुणवत्ता पूर्ण निस्तारित करने और मुख्यमंत्री पोर्टल पर आयी शिकायतों का निस्तारण समय से कहने को कहा। साथ ही कहा कि ध्यान रखें कि पथरगड़ी होने के बाद उसे कोई उखाड़े नहीं।
जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने मड़ियाहूं तहसील में समस्याएं सुनीं। आवास, राशन कार्ड, जमीन विवाद, हैण्डपम्प, पुलिस विभाग, रास्ता संबंधी आदि विवादों की 249 शिकायतें आईं लेकिन महज 17 का ही निस्तारित किया जा सका। जिलाधिकारी ने चकबंदी विभाग की शिकायत के मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्षता के साथ निस्तारण करने को कहा। मडियाहूं नगर के सभी वार्डों में लोगों का राशन कार्ड गलत तरीके से काट दिये जाने और यूनिट भी कम कर देने की शिकायत आई। सभासदों ने आरोप लगाया कि आपूर्ति कार्यालय में कर्मचारियों द्वारा जनता व सभासदों की बात को अनसुना किया जा रहा है। सभासदों ने हस्ताक्षर युक्त एक ज्ञापन यूनिट बढ़ाने के लिए दिया। प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने प्रार्थना पत्र दिया कि किसी भी ब्लॉक में पंचायतों की खुली बैठक नहीं कराई जा रही है और न ही समितियों के पदाधिकारी सदस्यों को आय व्यय का ब्यौरा दिया जाता है ।उन्होंने आवास में भी धन उगाही का आरोप लगाते हुए जांच कराने की मांग किया।इस अवसर पर एसपी दिनेश पाल सिंह, सीडीओ आलोक सिंह, सीएमओ डा.रामजी पांडेय, एसडीएम मोती लाल यादव, डीडीओ दयाराम, तहसीलदार सहित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मछलीशहर में तहसीलदार कौशलेश कुमार मिश्रा ने मछलीशहर तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जन समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त कुल 118 शिकायतें आईं, जिनमें सात का निस्तारण हो सका। बारिश न होने के कारण जलस्तर नीचे गिरने व नहरों में पानी न आने से धान की रोपाई बाधित व फसलें सूखने की शिकायतें आईं । तहसीलदार ने सभी ग्राम सभाओं में तालाबों की सफाई कर जल संचयन व खराब पड़े हैंडपंपों की तत्काल मम्मत कराने कराने को कहा। एसडीएम रमापति राम बिंद ने बदलापुर तहसील सभागार में समस्याएं सुनीं। इस मौके पर 60 शिकायतों में से छह का निस्तारण किया गया। उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने शाहगंज तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर जन समस्याएं सुनी। इस दौरान आए कुल 120 प्रार्थना पत्रों में से मात्र 11 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण हो सका। उपजिलाधिकारी मंगलेश दूबे ने केराकत तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर जन समस्याएं सुनी। इस दौरान आए कुल 152 प्रार्थना पत्रों में से मात्र 5 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण हो सका। शेष 147 प्रार्थना पत्रों को निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। उपजिलाधिकारी सदर प्रियंका प्रियदर्शनी ने सदर तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर जन समस्याएं सुनी। इस दौरान आए कुल 80 प्रार्थना पत्रों में से मात्र 13 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण हो सका। शेष 67 प्रार्थना पत्रों को निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया।