सिकरारा। खंड शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार यादव द्वारा शुक्रवार को पांच विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया जिसमें कहीं अध्यापक व बच्चे नदारद मिले तो कहीं एमडीएम का मेन्यू नहीं लगा मिला। साथ ही गैरहाजिर सभी शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की। साथ ही शिक्षकों को समय से विद्यालय आने और छात्रों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार यादव ने प्रात: 7:40 पर प्राथमिक विद्यालय रामनगर पर पहुंचे, जहां आठ बजे तक प्रधानाध्यापक के अलावा कोई अध्यापक, शिक्षा मित्र और एक भी बच्चा उपस्थित नहीं था। प्रधानाध्यापक को चेतावनी देते हुए सुधरने की नसीहत दी। यहीं के मिडिल स्कूल पर 8:30 बजे तक दो सहायक अध्यापक अनुपस्थित रहे और मात्र 10 छात्र ही उपस्थित रहे। प्राथमिक विद्यालय टिकरी का भौतिक परिवेश तो अच्छा पाया गया। परंतु छात्रों का नामांकन और उपस्थिति कम रही। प्राथमिक विद्यालय दुदौली पर 205 नामांकन के सापेक्ष मात्र 70 छात्र मौजूद रहे। प्रधानाध्यापक कक्ष अव्यवस्थित पाया गया। प्राथमिक विद्यालय सैदपुर खास पर विगत कई वर्षों से सफेदी नहीं कराई गई। दीवार पर एमडीएम का अद्यतन मेन्यू नहीं लिखा पाया गया। उन्होंने सारे अभिलेखों को अद्यतन करते हुए तीन दिवस के अंदर बीआरसी पर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। जांच में अनुपस्थित सभी शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटे जाने की संस्तुति की। साथ ही सभी अध्यापकों का अवकाश प्रात: 8 बजे तक दर्ज करने और समय से विद्यालय पहुंचने व उसका संचालन शुरू करने का निर्देश दिया। पिछले वर्ष की तुलना में यदि छात्र संख्या कम पाई गई तो विद्यालय के सभी अध्यापक जिम्मेदार होंगे। इसलिए समय रहते स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत रैली, अभिभावक संपर्क, नामांकन मेला आदि के माध्यम से 31 जुलाई तक अधिकाधिक नामांकन बढ़ा लिया जाय।