जौनपुर। मुख्यमंत्री के आश्वासनों के बावजूद भी लेखपाल संघ 19 जून से आंदोलन कर रहा है। शुक्रवार को अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपाल संघ ने कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। अपनी मांग को दोहराते हुए चेतावनी दी कि सरकार जितनी भी धमकी दे उसकी चिंता उन्हें नहीं है। हक के लिए आखिरी सांस तक वे लड़ाई को जारी रखेंगे।
लेखपालों ने कहा कि 10 जून को लेखपाल संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में आंदोलन की रूपरेखा तय की गई थी। जिसमें 19 जून से 25 जून तक उनके द्वारा काली पट्टी बांधकर विरोध कर ज्ञापन सौंपा गया। 26 जून से 2 जुलाई तक सत्यापन कार्य का बहिष्कार कर काली पट्टी बांधकर शासकीय कार्य किया गया। 3 जुलाई से 7 जुलाई तक तहसील मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन हुआ। 9 जुलाई से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार कर जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन सुबह 10 से 4 बजे तक किया जा रहा है। लेखपाल दिन भर धरने पर बैठे रह रहे हैं जबकि प्रशासन ने सभी तहसील अध्यक्षों और जिला संयोजक, सह संयोजक पर कार्रवाई किया है। लेखपाल प्रशासन के दबाव में नहीं आ रहे हैं। उधर लोग मारे मारे तहसीलों पर फिर रहे हैं। इस मौके पर संजय कुमार, जयशंकर यादव, बदरे आलम, प्रभाकर विश्वकर्मा, सूरज यादव, अमर बहादुर, अखिलेश चौबे, रमेश वर्मा, लालचंद श्रीवास्तव, प्रशांत मिश्र, शेर बहादुर आदि मौजूद रहे।
तहसील में 10 दिनों से जारी नहीं हुए प्रमाणपत्र
मछलीशहर। लेखपालों की 10 दिनों से चल रही हड़ताल के कारण 13 हजार 797 आय, जाति, अधिवास प्रमाण पत्र लम्बित हो चुके हैं। प्रमाणपत्रों के जारी न होने से आवेदनकर्ता तहसील के चक्कर काट रहे हैं। समस्या से निपटने के लिए तहसील प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर तहसील के 27 अमीनों की आई डी बना दिया है। अब अमीनों की रिपोर्ट पर प्रमाण पत्र निर्गत किये जाएगे। लेखपालों की कलमबंद हड़ताल 3 जुलाई से जारी है। प्रमाण पत्रों पर रिपोर्ट लगाने से लेकर, शिकायतों के निस्तारण,भूमि की पैमाइश आदि सभी कार्य ठप्प हैं। सबसे अधिक दिक्कत आय, जाति, अधिवास प्रमाणपत्रों के जारी नहीं होने के कारण आवेदन कर्ताओं को उठानी पड़ रही है। विगत दस दिनों में जहां 11740 आय,जाति प्रमाण पत्र लम्बित हैं । वहीं 2057 निवास प्रमाण पत्र भी अभी तक निर्गत नहीं हो पाया हैं। जिसमें सहज जनसेवा केंद्र से आवेदित आय,जाति तहसीलदार के फोल्डर में 7217 और लेखपालों के फोल्डर में 4523 लम्बित हैं । वहीं जाति प्रमाण पत्र 2312 तहसीलदार के फोल्डर में व 1691लेखपालों के फोल्डर में लम्बित हैं। ऐसे ही 1027 अधिवास प्रमाण पत्र भी लम्बित हैं। उपजिलाधिकारी के फोल्डर में 2057 निवास प्रमाण पत्र लम्बित हैं । तहसील प्रशासन प्रमाण पत्रों के जारी करने की व्यवस्था अगले सप्ताह से जारी कर दी गई है। किन्तु बैंक ऋण लेने के लिये कागजातों आदि की तैयारी, खसरे की नकल, लेखपालों के रिपोर्ट की आवश्यकता होती है। जमानत में भी बिना लेखपालों की रिपोर्ट से वेरीफिकेशन होता है। उसकी कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।