जौनपुर। मनरेगा मजदूरों को समय से मजदूरी का भुगतान नहीं करने पर उपायुक्त मनरेगा ने मड़ियाहूं विकास खंड के एकाउंटेंट के विरुद्ध कार्रवाई के लिए निदेशक लेखा उत्तर प्रदेश को पत्र भेजा है। इसमें में खंड विकास अधिकारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
उपायुक्त मनरेगा कमलेश कुमार सोनी ने जून माह में मनरेगा मजदूरों के मजदूरी के भुगतान की समीक्षा की। पता चला कि मड़ियाहूं ब्लाक के मनरेगा मजदूरों के अप्रैल से जून माह तक की मजदूरी का भुगतान तय अवधि के बाद किया गया। मजदूरी का भुगतान 15 दिन के भीतर हो जाना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इस पर मड़ियाहूं ब्लाक के एकाउंटेंट कृष्ण कुमार भाष्कर को आरोप पत्र जारी किया गया और 15 दिन में जवाब मांगा गया था। उन्होंने नोटिस का जवाब ही नही दिया। इसको गंभीरता से लेते हुए डीसी मनरेगा ने एकाउटेंट के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई के लिए निदेशक लेखा को पत्र भेजा है। साथ ही खंड विकास अधिकारी सतीशचंद्र पांडेय को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।