जौनपुर। शहर के उत्तरी इलाके में सब्जी मंडी के पास स्थित सरदार भगत सिंह पार्क अब अस्थाई कूड़ा डंपिंग जोन बनकर रह गया है। नगरपालिका के कर्मचारी पहले छोटी गाडिय़ों से पार्क के पास ही कूड़ा डंप करते हैं फिर यहां से बड़ी गाड़ी पर कूड़ा लादकर शहर के बाहर ले जाते हैं। पार्क में चारो ओर गंदगी का अंबार लगा होने के चलते अब इधर कोई भूल से भी नहीं आता। कुछ समामाजिक संगठन के लोग सरदार भगत सिंह की शहादत दिवस पर यहां जरूर आते हैं जो शहीदे आजम की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें याद करते और गंदगी के लिए नगरपालिका प्रशासन को कोसते चले जाते हैं।
शहर के उत्तरी इलाके में घनी आबादी के बीच यही एक मात्र स्थल है जहां लोग खुले में सांस ले सकते थे और यहां पार्क में बैठकर सुकून के साथ कुछ पल बिता सकते थे। लेकिन नगरपालिका के कर्मचारियों ने पार्क की दशा ही बद से बदतर कर डाली है। कूड़ा डंप होने के कारण आस पास हमेशा गंदगी का अंबार लगा रहता है। जिससे पास में स्थित सब्जी मंडी में आने वाले लोगों ने भी इसी स्थल को यरिनल बना लिया है। खास बात यह कि नगरपालिका की ओर से पार्क में साफ सफाई के लिए एक स्वीपर और यहां लगे पौधों की देखभाल के लिए माली की भी तैनाती है। लेकिन यहां न तो कभी माली आता है और न ही स्वीपर। पार्क की सफाई की बात तो दूर बाहर से भी कूड़ा लाकर सफाई कर्मचारी यहीं पर छोड़ जाते हैं। नगर पालिका की बड़ी गाड़ी से यहां से दस बजे तक कूड़ा जरूर उठा लिया जाता है लेकिन कूंड़ा उठने के बाद भी चारो तरफ गंदगी फैली होती है। स्थानीय निवासी डा. जावेद कहते हैं कि करीब 15 साल पहले यहां पार्क में बच्चों के लिए झूला लगा था, लोगों को बैठने की व्यवस्था थी। लेकिन अब यहां न तो झूला है और न ही झूलने के लिए बच्चों को लेकर लोग यहां आते हैं। मरकजी सीरत कमेटी के नायब सदर शकील मंसूरी कहते हैं कि कूड़े से उठ रही बदबू के चलते बिना नांक पर रुमाल रखे कोई इधर से नहीं गुजर सकता।
नगरपालिका के पास नहीं है कूड़ा डंप करने की जगह
जौनपुर। नगरपालिका परिषद जौनपुर के अधिशासी अधिकारी कृष्ण चंद्र का कहना है कि पूरे शहर में कहीं भी कूड़ा डंप करने के लिए कोई समुचित स्थान नहीं है। शहर से प्रतिदिन 82 मिट्रिक टन कचरा निकलता है। कचरा निस्तारण के लिए समुचित स्थान न होने के चलते कर्मचारी इधर उधर जहां भी मौका पाते हैं कूड़ा गिरा देते हैं। अधिशासी अधिकारी का कहना है कि कुल्हनामऊ में बन रहा सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट बनकर तैयार हो जाएगा तो यह समस्या दूर हो जाएगी।
पार्क के पास में ही पहले सब्जी मंडी के लोग वहां से निकलने वाला कचरा डंप करते थे। बाद में नगरपालिका के सफाई कर्मचारी भी उसी स्थान पर छोटी गाडिय़ों से कूड़ा गिराकर बड़ी गाड़ी से उसे हटा लेते हैं। सरदार भगत सिंह पार्क के सुंदरीकरण के लिए इसे अमृत योजना में शामिल किया गया है। बहुत जल्द पार्क की तस्वीर बदल जाएगी।-कृष्णचंद्र, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद जौनपुर